फ्लाइट में दंगल गर्ल वसीम जायरा से छेड़छाड़

By: Dec 11th, 2017 12:06 am

मुंबई पुलिस ने हिरासत में लिया आरोपी, आज कोर्ट में होगी पेशी

नई दिल्ली— दंगल फिल्म से मशहूर हुई अभिनेत्री जायरा वसीम ने आरोप लगाया कि दिल्ली-मुंबई विमान में उनके साथ यात्रा कर रहे व्यक्ति ने कथित तौर पर उनका उत्पीड़न किया। वहीं, पुलिस ने बढ़ते दबाव के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया है। सोमवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। इससे पहले अभिनेत्री ने एक लाइव वीडियो के जरिए इंस्टाग्राम पर अपने साथ हुई घटना के बारे में जानकारी दी। जायरा ने कहा कि वह दिल्ली से मुंबई जाने वाले एयर विस्तारा के विमान में यात्रा कर रही थीं, तभी उनके पीछे बैठे व्यक्ति ने अपने पैर उनकी कमर पर रगड़े। इसके बाद नागरिक एवं उड्डयन मंत्रालय ने इस मामले पर रिपोर्ट मांगी थी। मुंबई पुलिस ने इस मामले में आईपीसी की धारा 354 और पोस्को के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।  उधर, विस्तारा ने बयान दिया कि जायरा वसीम ने क्रू मेंबर्स को इस बारे में तब तक नहीं बताया कि जब तक फ्लाइट उतरने वाली था। फ्लाइट की लैंडिंग के बाद क्रू मेंबर्स से घटना के बारे में पूछताछ की गई।

महिला आयोग ने लिया मामले का संज्ञान

राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लिया है। राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन रेखा शर्मा ने कहा कि मैंने इंस्टाग्राम पर वीडियो देखा मैं वह देखकर बहुत दुखी हुई। मैं डरी हुई हूं कि यह घटना कैसे घटी और उसके बाद क्रू ने उस लड़की की कोई मदद नहीं की। यह बहुत हैरान कर देना वाला है, क्योंकि विस्तारा का दावा है कि ऐसे व्यवहार के लिए उनकी जीरो टॉलरेंस की नीति है। मैं इस मामले में स्वतः संज्ञान ले रही हूं और विस्तारा को नोटिस दिया जा रहा है। इसके साथ ही विस्तारा एयरलाइंस के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए महाराष्ट्र के डीजीपी को भी लिखा जा रहा है।

कई बार रोई आमिर की ऑनस्क्रीन बेटी

विमान से उतरने के तुरंत बाद रिकार्ड की गई वीडियो में दंगल फेम जायरा कई बार रोई। जायरा ने कहा कि यह ठीक नहीं है, मैं परेशान हूं। इस तरह आप लड़कियों की देखभाल करने जा रहे हैं? किसी को इस तरह का अनुभव नहीं कराना चाहिए। यह भयानक है। अगर हम खुद अपनी मदद नहीं करेंगे तो कोई भी हमारी मदद नहीं करेगा। यह सबसे खराब बात है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App