सेब के पौधों पर लंगूर बरपा रहे कहर

By: Dec 16th, 2017 12:05 am

भरमौर – उपमंडल भरमौर के उंचाई पर बसे क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद अब सेब के पौधों पर लंगूरों का कहर बरपना शुरू हो गया है। हालात यह है कि कई गांवों में लंगूरों ने सेब के पौधों की छाल को निकाल दिया है। जिसके चलते अब इन पौधों के सूखने का भी खतरा पैदा हो गया है। उपमंडल की होली घाटी के अलावा उलांसा, ग्रीमा समेत उपरी गांवों में इन दिनों लंगूरों की इस हरकत से बागवानों को परेशानी उठानी पड रही है। लिहाजा बागवानों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि लगूंरों से निजात दिलाने का प्रबंधन किया जाए। जानकारी के अनुसार क्षेत्र की ग्राम पंचायत ग्रीमा, उलांसा, चन्हौता, कुलेठ, दयोल, होली,बजोल, न्याग्रां में लंगूरों ने बागवानों की मुश्किलों का बढा दिया है।बागवानों में विनोद कुमार, रवि कुमार, नरेश कुमार, रमेश चंद, नरेंद्र , चैन लाल, विनय कुमार, कमल कुमार ने बताया कि उपरी क्षेत्रों में अधिक बर्फबारी होने के चलते लगूंरों ने निचले इलाकों की ओर रूख कर लिया है और सेब के पौधों को वह अपना निशाना बना रहे है। उन्होंने बताया कि अब तक लंगूरों ने क्षेत्र में सैकड़ों पौधों पर कहर बरपाया है। उनका कहना है कि लंगूर सेब के पौधों की छाल निकाल रहे है। जिससे उनके सूखने का खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षो से वह इस समस्या से जूझ रहे है। बावजूद इसके प्रशासन की ओर से इसका हल निकालने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है। उन्होंने पुन प्रशासन से गुहार लगाई है कि बागबानों को राहत प्रदान की जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App