हिमाचल में सियासत संग बदला मौसम का मिजाज

By: Dec 19th, 2017 12:15 am

शिमला – पहाड़ी प्रदेश के मौसम पर भी सियासत का रंग दिखा। प्रदेश में सरकार बदलने के साथ ही मौसम ने भी अपने रंग दिखाए। जानकारी के अुनसार  सोमवार को हिमाचल में राजनीतिक माहौल की तर्ज पर तापमान में उछाल आया है। हालांकि बीते दिनों हुई बारिश व बर्फबारी के चलते प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़  रही थी। बारिश-बर्फबारी के बाद मौसम खुलने से तापमान में हल्का उछाल रिकार्ड किया जा रहा था। अब प्रदेश में विधानसभा चुनावों के नतीजे के रोज एकाएक अधिकतम व न्यूनतम तापमान में एक से चार डिग्री तक का उछाल आया है। राजधानी शिमला में चुनाव नतीजों की तर्ज पर पारा चढ़ा है। शिमला के अधिकतम व न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री तक का उछाल आया है। इसके अलावा कांगड़ा, हमीरपुर व ऊना में भी मौसम सियासत की तर्ज पर बदला है और तापमान में उछाल आया है। सोमवार को दिनभर चटक धूप खिली रही। इस दौरान जनता ने भी सुहावने मौसम में रोचक चुनाव परिणामों का लुत्फ उठाया। मतगणना केंद्रों के बाहर एक ओर जहां जनता चटक धूप का लुत्फ ले रही थी, वहीं दूसरी ओर रोचक नतीजों ने जनता में जोश भर दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App