पहाड़ों की रानी में…‘सुंदर मुंदरिए हो’

By: Jan 14th, 2018 12:10 am

शिमला – शिमला शहर में शनिवार को लोहड़ी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस पर्व पर बाजारों में रौनक लगने के साथ ही घरों में भी दिनभर लोहड़ी के पर्व पर रस्मों की अदायगी चलती रही। शिमला में लोहड़ी का यह पर्व बड़े ही हर्षोल्लास से मनाया गया। शहरवासियों ने दिनभर अपने मित्रों और सगे-संबंधियों को लोहड़ी बांट कर पर्व की रस्में निभाईं और एक दूसरे को पर्व की बधाई दी। वहीं, इस पर्व के चलते शहर के बाजारों में भी खूब रौनक रही। घरों में जहां गुड़, गजक, मूंगफली खाने और बांटने का दौर खूब चला और बड़े लोगों ने एक-दूसरे को इस पर्व की बधाई दी तो वहीं बच्चे भी इसे लेकर काफी उत्साहित दिखे। शहर में इस दिन को खास रूप से मनाने के लिए 14 वर्षों के बाद मक्की की रोटी और सरसों के साग और लस्सी का भंडारा लगाया गया। गंज बाजार में यह भंडारा आयोजित किया गया। इसमें काफी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। बाजारों में लोहड़ी के दिन भी खरीददारी के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। दिन भर लोग लोहड़ी के लिए सजी दुकानों पर खरीदारी करते नजर आए। इस दिन पर मिठास लाने के लिए रेवड़ी, गुड़, गजक और मूंगफली खास है। ऐसे में इन चीजों की खरीदारी करने के लिए दिनभर भीड़ बाजारों में लगी रही। दुकानों पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। इस बार लोहड़ी का मजा बढ़ाने के लिए मूंगफली, गजक और रेवड़ी की अलग-अलग पैकिंग भी बाजारों में दुकानों पर सजाई गई। अपने रिशतेदारों को तोहफे के रूप में देने के लिए लोगों ने इनकी खरीदारी की। लोहड़ी पर्व पर लोहड़ी जलाने की परंपरा को पूरा करने के लिए शिमला में जगह-जगह आग  जलाकर लोहड़ी पूजन किया गया। इसके इर्द-गिर्द खड़े होकर लोहड़ी का पूजन किया और जश्न मनाया गया। इस लोहड़ी पूजन के साथ लोगों ने गुड़, गजक, मूंगफली, तिल और रेवड़ी का भोग भी लगाया। लोहड़ी जलाने के बाद लोगों ने प्रसाद के रूप में गुड़, तिल के लड्डू, मूंगफली व रेवड़ी एक दूसरे में बांटी।

मकर संक्रांति पर महकेगी खिचड़ी

मकर संक्रांति पर्व पर जहां तिल, गुड़ और मूंगफली का विशेष महत्त्व होता है। वही,ं इस दिन पर काले माश की खिचड़ी खाना भी शुभ माना जाता है। सर्दियों के समय आने वाले इस त्योहार में घी के साथ खिचड़ी खाने की मान्यता है। खिचड़ी के बिना संक्रांति के इस त्योहार को अधूरा माना जाता है। रविवार को राजधानी का हर घर खिचड़ी की खुशबू से महक उठेगा।

ढोल और नगाड़ों पर थिरके लोग

लोहड़ी पर्व के लिए जहां शिमला शहर में लोगों ने इस त्योहार को बड़े ही धूमधाम से मनाया। वहीं, उपनगरों में भी इस त्योहार की रौनक देखी गई। लक्कड़ बाजार सहित संजौली व छोटा शिमला में भी लोगों ने एक साथ मिलकर लोहड़ी पर्व मनाया और ढोल-नगाड़ों की धुनों पर जमकर थिरके। वहीं शाम को युवाओं की टोलियां डीजे की धुनों पर जमकर डांस करतीं रहीं। लोहड़ी का क्रेज लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा था। इससे राजधानी में शनिवार को पूरी तरह से रौनक रही।

पूजा-पाठ किया

लोहड़ी के पावन अवसर पर लोगों ने एक साथ पूजन किया और लोहड़ी का जश्न मनाया। इसके साथ लोगों ने घरों में विशेष पूजा-पाठ का भी आयोजन किया। इस दौरान पूजा-अर्चना के बाद रविवार को संक्रांति के अवसर पर हवन-यज्ञ में आहुतियां डालीं जाएंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App