मुख्यमंत्री के गांव नहीं पहुंच पाई बस

By: Jan 24th, 2018 12:01 am

मंडी— बारिश व बर्फबारी के इंतजार में बैठे किसानों व बागबानों के लिए इंद्रदेव राहत लेकर आए हैं, पर दूसरी तरफ लोगों की दिक्कतें भी बढ़ना शुरू हो गई हैं। नए वर्ष की पहली बर्फबारी के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का विधानसभा क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। यहां पर मुख्यमंत्री के गांव तांदी की सड़क के साथ ही दो दर्जन से अधिक संपर्क मार्ग व तीन मुख्य मार्ग बर्फबारी के कारण बंद हो गए हैं। साथ ही चौहार घाटी, सुंदरनगर उपमंडल व करसोग उपमंडल के भी दर्जनों गांव में बर्फबारी हुई है। सराज व चौहार घाटी में छह इंच से लेकर एक फुट तक बर्फबारी होने का समाचार है। बरोट में रोलिंग, पोलिंग, चणौण, ख्वाण, मच्छाण सहित अन्य गांवों में बर्फबारी हुई है। बरोट, छोटा भंगाल व सराज घाटी के शिकारी देवी, जंजैहली, बागाचणोगी, चेत, भुलाह, थुनाग, लंबाथाच, बगस्याड़, चिउणी व अन्य जगहों पर भी बर्फबारी हुई है। इसके अलावा मुरारी देवी, रोहांडा-करसोग मार्ग पर भी बर्फबारी हुई है। सराज घाटी में मुख्यमंत्री के घर को जाने वाली सड़क कटियांग से थुनाग वाया तांदी भी बंद हो गई है। लंबाथाच से कुल्थनी, लंबाथाच च्यूणी, जंजैहली मगरूगला छत्तरी और कांढा से थुनाग मार्ग भी अवरुद्ध हुए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App