रणनीति बनाने को सुक्खू ने बुलाई बैठक

By: Jan 14th, 2018 12:06 am

कल शिमला में राहुल गांधी की नसीहत पर कदम बढ़ाने की होगी कोशिश

शिमला— अध्यक्ष पद पर कार्यकाल आगे बढ़ने के बाद प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू ने कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। बैठक पार्टी की अगली रणनीति तय करने के लिए बुलाई गई है, जिसमें प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं जिला अध्यक्षों को बुलाया गया है। बैठक शिमला में 15 जनवरी को सुबह 10 बजे होगी। प्रदेश में कांग्रेस सरकार के सत्ता से बाहर होने के बाद प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की ये पहली बैठक है। इससे पहले दो बैठकें पार्टी ने की है, जिसमें विधानसभा चुनाव की हार की समीक्षा ही की गई। अब पार्टी अगली रणनीति बनाने के लिए बैठक करने जा रही है। बैठक में सुक्खू आगे की योजना बनाएंगे। लोकसभा चुनाव में पार्टी को किस तरह से फील्ड में उतरना है, इस पर चर्चा की जाएगी। पार्टी के जिलाध्यक्षों से उनके जिलों में क्या कुछ किया जाना चाहिए, इस पर विचार होगा। क्योंकि हाल ही में पार्टी सत्ता से बाहर हुई है, लिहाजा विपक्ष में रहते हुए उसे किस तरह से जनता के बीच जाना है और उसके क्या मुद्दे होंगे, इस पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बदलने के बाद पार्टी में रणनीति में भी बदलाव हो गया है। धीरे-धीरे पुराने चेहरों को दूर कर नए चेहरों को आगे लाने की कोशिशें हो रही हैं। इसका पहला उदाहरण यहां विधायक दल का नेता बदलने से सामने आया है। हाल ही में राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के यहां आने के बाद उन्होंने जो नए टिप्स पाटी संगठन को दिए हैं उसपर किस तरह से काम किया जाएगा, इस पर यहां 15 जनवरी को होने वाली बैठक में मंथन किया जाएगा।

ब्लॉक कांग्रेस टौणीदेवी की कार्यकारिणी भंग

शिमला— प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने संगठनात्मक ब्लॉक कांग्रेस कमेटी टौणीदेवी की कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। जल्द ही नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App