रिलीफ फंड के लिए एक करोड़ दान

By: Jan 17th, 2018 12:04 am

मुख्यमंत्री को एसजेवीएन सीएमडी नंद लाल ने सौंपा चेक

शिमला— सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड (एसजेवीएनएल) ने  मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को मंगलवार को मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए एक करोड़ रुपए का चेक भेंट किया। सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड के अध्यक्ष एवं मुख्य प्रबंध निदेशक नंद लाल शर्मा ने सीएम को ये चैक सौंपा। मुख्यमंत्री ने एसजेवीएनएल का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार निगम के इस महत्त्वपूर्ण योगदान के लिए आभारी हैं। उन्होंने कहा कि यह राशि निर्धन व जरूरतमंद लोगों के चिकित्सा व्यय में सहयोग करने के लिए लाभकारी साबित होगी। उन्होंने कहा कि लोगों, बोर्डों व निगमों को स्वेच्छा से मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए योगदान करने को आगे आना चाहिए। सतलुज निगम के सीएमडी नन्दलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री को बताया कि समझौता ज्ञापन के 8700 मिलियन यूनिट की ऊर्जा उत्पादित करने के लक्ष्य के जवाब में निगम ने 2016-17 के वित्तीय वर्ष में 9045 मिलियन यूनिट ऊर्जा उत्पादित की है। निगम ने चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 8660 मिलियन यूनिट की ऊर्जा का उत्पादन किया है। उन्होंने बताया कि निगम की वित्तीय स्थिति भी बेहतर है, जिसमें वित्तीय वर्ष 2016-17 के दौरान गतिविधियों से 2468.66 करोड़ रुपए का राजस्व तथा कर चुकाने के उपरांत कुल 1544.14 करोड़ रुपए का लाभ अर्जित किया गया। उत्तम वित्तीय प्रदर्शन करते हुए निगम ने राज्य सरकार, जो कि निगम के 25.51 प्रतिशत की शेयरधारक है, को वित्त वर्ष 2016-17 के दौरान 290.13 करोड़ रुपए का लाभांश प्रदान किया था। मुख्य सचिव विनीत चौधरी, अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं मुख्यमंत्री की प्रधान सचिव मनीषा नंदा, प्रधान सचिव (ऊर्जा) आरडी धीमान, निगम के वित्तीय निदेशक  एसएस बिंद्रा तथा विद्युत निदेशक आरके बंसल भी अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ इस अवसर पर उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App