सरकार जुटाएगी बेरोजगारों का आंकड़ा

By: Jan 22nd, 2018 12:01 am

उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ने श्रम व रोजगार विभाग को दिए निर्देश, अभी तक प्रदेश में सही ब्यौरा नहीं

शिमला – हिमाचल में बेरोजगारों का सरकार आंकड़ा जुटाएगी। इसके लिए श्रम व रोजगार विभाग जल्द ही कसरत करेगा। उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर ने इस बारे में विभाग को निर्देश दिए हैं। इसमें कहा गया है कि विभिन्न रोजगार केंद्रों में पंजीकृत बेरोजागारों का आंकड़ा एकत्र किया जाए। यह आंकड़ा बेरोजगारों की श्रेणियों के अनुसार होगा। प्रदेश में बेरोजगारों का सही और स्टीक आंकड़ा जुटाने के लिए सरकार ने कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। राज्य में मौजूदा समय में करीब 10 लाख के पंजीकृत बेरोजगार बताए जा रहे हैं, लेकिन वास्तव में कितने बेरोजगार हैं, इसकी सही जानकारी विभाग के पास नहीं है। राज्य के रोजगार कार्यालयों में ऐसे युवाओं के नाम भी दर्ज हैं, जो सरकारी नौकरी करते हैं, लेकिन उच्च शिक्षा हासिल होने के कारण वे रोजगार कार्यालयों में अभी भी अपना नाम रखे हुए हैं। इसी तरह निजी क्षेत्र में काम करने वाले अधिकांश युवाओं ने भी सरकारी नौकरी के लिए नाम पंजीकृत कर रखा है। इसके चलते बेरोजगारी का आंकड़ा बड़ा हो गया। इससे यह पता नहीं चल पा रहा है कि वास्तव में कितने बेरोजगार हैं, जिनको सही मायने में रोजगार की सबसे ज्यादा जरूरत है। यही नहीं, राज्य में हिमाचल बेरोजगारी बड़ा चुनावी मुद्दा रहा है। सभी राजनीतिक दल इसको लेकर सत्तापक्ष को घेरते रहे हैं। राज्य में वास्तव में कितने बेरोजगार हैं, इसे लेकर पहले भी कई बार राजनीति हो चुकी है, जबकि सही आंकड़ा आज तक जुटाने की कोशिश नहीं की गई। इसे देखते हुए अब सरकार ने अब सही आंकड़े जुटाने का फैसला किया है। बताया जा रहा है कि उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर ने श्रम व रोजगार विभाग को आदेश दिए हैं कि रोजगार केंद्रों में पंजीकृत बेरोजगारों के आंकड़ों को अलग-अलग श्रेणी में बांटे और वास्तव में कितने बेरोजगार हैं, उसका आंकड़ा सरकार के समक्ष रखे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App