अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव

By: Feb 13th, 2018 12:10 am

मैहला— पंचायत समिति मैहला के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के खिलाफ  17 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव पेश कर दिया है। सोमवार को भाजपा समर्थित पंचायत समिति सदस्यों ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को पद से हटाने को लेकर जिला पंचायत अधिकारी को पत्र सौंपा है। इस पत्र में भाजपा समर्थित सदस्यों ने बैठक बुलाकर नए सिरे से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव करवाने के लिए तिथि निर्धारित करने को कहा है। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद जिला में कांग्रेस समर्थित समिति के खिलाफ  पेश होने वाला यह दूसरा अविश्वास प्रस्ताव है। इससे पहले भाजपा पंचायत समिति चंबा के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के खिलाफ  अविश्वास लाकर कमल खिला चुकी है। जानकारी के अनुसार कुल 21 सदस्यों वाली पंचायत समिति चंबा पर वर्तमान में कांग्रेस का आधिपत्य है। समिति के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित सदस्य कामकाज का संचालन कर रहे हैं। मगर समिति के 17 सदस्यों ने प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के दो माह के भीतर ही एकजुटता दिखाते हुए अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर जिला का सियासी माहौल गरमा दिया है। पंचायत समिति मैहला के 17 सदस्यों ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के खिलाफ  अविश्वास प्रस्ताव की प्रति जिला पंचायत अधिकारी को सौंप दी है। पंचायत समिति अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के खिलाफ  अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले सदस्यों में भावना देवी, अर्चना देवी, रोशन लाल, विकास कुमार, सीमा देवी, आरती उषा देवी, विक्रमा देवी, शिव कुमार, राकेश कुमार, गोपाल शर्मा, दलीप, मिसलो देवी, सुमन कुमार, इंदु व कांता देवी शामिल हैं। उन्होंने पंचायती राज अधिनियम में उल्लेखित प्रावधानों के तहत आगामी कार्रवाई मांगी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App