ऊंचे इलाकों में आज बारिश-बर्फबारी

By: Feb 11th, 2018 12:16 am

विभाग का पूर्वानुमान, 13 फरवरी तक प्रदेश में कड़े तेवर दिखाएगा मौसम

शिमला  – हिमाचल प्रदेश में रविवार से मौसम में करवट के आसार हैं। मौसम विभाग ने रविवार को कुल्लू-मंडी लाहुल स्पीति, किन्नौर, चंबा  आदि क्षेत्रों में अनेक स्थानों पर बारिश-बर्फबारी के अलावा शिमला ,सिरमौर, सोलन,धर्मशाला और मैदानी इलाकों में गर्जन के साथ बारिश की संभावनाएं जताई हैं। 12 फरवरी को विभाग ने प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश व बर्फबरी की चेतावनी जारी की है। इस दौरान मैदानी इलाकों में अनेक स्थानों पर बारिश होगी। समूचे प्रदेश में 13 फरवरी तक मौसम खराब रहेगा। 14 फरवरी को राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा] जबकि प्रदेश में 15-16 फरवरी को फिर से बारिश-बर्फबारी होने की उम्मीदें जताई जा रही है। हालांकि प्रदेश में शनिवार को मौसम शुष्क बना रहा। मगर मौसम विभाग के पूर्वानुमान सटीक बैठते है तो प्रदेश में जनता को एक दफा फिर से कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा।  प्रदेश के कांगड़ा को छोड़ कर शेष हिमाचल के न्यूनतम तापमान में  एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। कल्पा, कुफरी, मनाली व केलांग का पारा माइनस डिग्री में चल रहा है। सोलन का तापमान शून्य डिग्री में पहुंच गया है। शिमला, सुंदरनगर, भुंतर, बिलासपुर और डलहौजी का न्यूनतम तापमान लुढ़क कर 2.0 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। जिसके चलते समूचे प्रदेश में सुबह व शाम के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। प्रदेश के कल्पा व डलहौजी के अधिकतम तापमान में भी  गिरावट आंकी गई है, शेष क्षेत्रों में  एक से तीन डिग्री सेल्सियस का उछाल आया है। शिमला में अधिकतम तापमान 15.2, सुंदरनगर में 21.3, भुंतर में 20.6, कल्पा में 9.4, धर्मशाला में 15.4, ऊना में 25.0, नाहन में 18.7, सोलन में 19.0, कांगड़ा में 21.0, बिलासपुर में 21.5, हमीरपुर में 21.4, चंबा में 20.2 और डलहौजी में 5.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि रविवार को पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में अनेक स्थानों पर बारिश होगी। सोमवार को मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश-बर्फबारी होगी। प्रदेश में 16 फरवरी तक बारिश-बर्फबारी का क्रम चलता रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App