चंबा में अब वन बूथ, ट्वेंटी यूथ

By: Feb 22nd, 2018 12:05 am

 चंबा —भाजयुमो अब प्रदेश में वन बूथ टेन यूथ की तर्ज पर वन बूथ ट्वेंटी यूथ अभियान के जरिए हरेक बूथ पर बीस-बीस युवा जोड़ेगा। इसके साथ ही मिलेनियम वोटरर्ज अभियान चलाकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं के वोट बनाए जाएंगे। भाजयुमो छह से 14 अप्रैल तक बूथ कनेक्टिविटी अभियान में डोर- टू- डोर जाकर लोगों से मुलाकात कर सरकारी नीतियों के बारे में फीडबैक हासिल करेगा। यह बात भाजयुमो के प्रदेशाध्यक्ष विशाल चौहान ने बुधवार को कुकरेजा पैलेस ओबड़ी में संपन्न जिला इकाई की बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। बैठक में सदर विधायक पवन नैयर विशेषातिथि के तौर पर मौजूद रहे। भाज्युमो की ओर से सदर विधायक को सम्मानित करने की रस्म भी अदा की गई। बैठक का संचालन भाजयुमो के जिला प्रधान विनायक रैणा ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजयुमो की इन गतिविधियों को बेहतर तरीके से निपटाकर अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने को कहा। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनावों में भी भाजयुमो पार्टी प्रत्याशियों के जीत की मजबूत आधारशिला रखेगा। इसके साथ सामाजिक सरोकार की गतिविधियों को भी भाजयुमो कार्यकर्ता अपना लक्ष्य बनाएं। भाजयुमो के जिला प्रधान विनायक रैणा ने कहा कि आगामी दस दिनों के भीतर जिला के हरेक मंडल में सौ- सौ रक्तदाताओं की सूची तैयार की जाएगी, ताकि पूरे चंबा जिला में कहीं भी रक्त की आवश्यकता पड़ती है तो भाजयुमो वहां मदद कर सके। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों पर भी चर्चा कर भविष्य की रणनीति तय की गई। बैठक में भाजयुमो के प्रदेश प्रभारी धु्रव भदवा, प्रदेश सचिव विपन नेहरिया, प्रदेश कोषाध्यक्ष विशाल नेहरिया, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अमित ठाकुर के अलावा हरेक मंडल के अध्यक्ष व महामंत्री के अलावा काफी तादाद में कार्यकर्ताओं ने उपस्थिति दर्ज करवाई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App