त्रिपुरा में 74 फीसदी वोटिंग

By: Feb 19th, 2018 12:04 am

59 विधानसभा सीटों पर 307 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद

अगरतला— त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में रविवार को 74 फीसदी मतदान हुआ है। यह पिछली बार के मुकाबले 18 प्रतिशत कम है। 2013 में 91.82 फीसदी वोट पड़े थे। रविवार को 60 में से 59 सीटों पर मतदान हुआ। चारीलाम से माकपा के उम्मीदवार रमेंद्र नारायण देव वर्मा के निधन के कारण एक सीट पर रविवार को मतदान नहीं हुआ। इस सीट पर 12 मार्च को चुनाव होगा। रविवार को 307 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम बंद हो गई। अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी तापस रॉय ने इसकी जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में किसी भी स्थान से हिंसा की कोई खबर नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी त्रिपुरा, खोवई और उनाकोटी जिलों में कुछ केंद्रों पर ईवीएम से जुड़ी कुछ दिक्कतों के कारण मतदान प्रक्रिया विलंबित हुई। इससे पहले अगरतला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार सुदीप रॉय बर्मन और सत्तारूढ़ माकपा के प्रत्याशी कृष्ण मजूमदार ने ईवीएम में तकनीकी गड़बड़ी के कारण राजधानी के कुछ मतदान केंद्रों पर 90 मिनट तक मतदान रोके जाने का दावा किया। तापस रॉय ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि सभी इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन काम कर रहे थे। रविवार को 307 उम्मीदवारों की किस्मत मतपेटी में बंद हो गई। राज्य में 2573413 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें से 1305375 पुरुष और 12,68,027 महिला मतदाता हैं। राज्य में थर्ड जेंडर के 11 मतदाता हैं। राज्य में 47803 मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। अनुसूचित जनजातियों के लिए 20 सीट आरक्षित हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App