मध्यप्रदेश में चमके सितारे
शिमला— हिमाचल के छात्र किसी से भी पीछे नहीं हैं, इसका उदाहरण छात्रों ने मध्यप्रदेश में रेडक्रॉस सोसायटी की तरफ से आयोजित राष्ट्र स्तरीय कार्य्रकम में दिया है। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में जिवा विवि में रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से आयोजित राष्ट्र स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिमाचल के विभिन्न स्कूलों से चुनिंदा 12 छात्रों ने भाग लिया था। आठ फरवरी को इस कार्यक्रम का आगाज हुआ था। हिमाचल से गई टीम ने यहां 17 राज्यों से आई टीमों के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। रेडक्रॉस की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम रखे गए थे। इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रदेश से गए स्कूली छात्रों ने पहला व दूसरा स्थान हासिल कर दस ट्रॉफियां हिमाचल को दिलवाई हैं। हिमाचल से रेडक्रॉस की इंचार्ज सरोज गौतम छात्रों के साथ मध्यप्रदेश में है। सरोज गौतम के अनुसार हिमाचल के छात्रों को फोक डांस में पहला स्थान, बेस्ट को-आर्डिनेंस में पहला स्थान, समूह गान में पहला, सोलो सोंग में दूसरा स्थान, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में दूसरा स्थान ,सोलर डांस में भी दूसरा स्थान हासिल हुआ है। अन्य गतिविधियों में छात्रों ने पहला स्थान ही हासिल किया है। सरोज गौतम ने कहा कि छात्रों को 17 राज्यों में बेस्ट ट्रॉफी खिताब के साथ मध्यप्रदेश के गवर्नर कप्तान सिंह सोलंकी ने सम्मानित किया। उनका कहना है कि मध्यप्रदेश में प्रदेश से गए छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए हिमाचल की संस्कृति की झलक भी दिखाई, जिसकी काफी सराहना की गई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App