शिमला में भी भिड़ेंगे डब्ल्यूडब्ल्यूई रेस्लर

By: Feb 2nd, 2018 12:15 am

ग्रेट खली करवाएंगे कंपीटीशन, प्रदेश सरकार ने भरी हामी

शिमला— बच्चों से लेकर बूढ़ों तक की पसंद डब्ल्यूडब्ल्यूई रेस्लिंग अब हिमाचल में भी करवाई जाएगी। जयराम सरकार यहां पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवानों को बुलाने जा रही है, जो कि मंडी के साथ शिमला में अपने जौहर दिखाएंगे। हिमाचल के लोग अब तक टीवी पर ही रेस्लिंग का लुत्फ उठाते आ रहे हैं, लेकिन अब वे अपने बीच में इन रेस्लर्ज को लाइव देखेंगे।  जानकारी के अनुसार 20 से 30 अप्रैल के मध्य में हिमाचल प्रदेश के शिमला और मंडी के पड्डल मैदान में इंटरनेशनल रेस्लिंग कंपीटीशन का आयोजन किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश के युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने इस संबंध में दि ग्रेट खली दिलीप सिंह राणा से बात की है। इस संबंध में चंडीगढ़ में उनकी बात हुई, जिसके बाद खली ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भी फोन पर चर्चा की और उन्होंने भी इसकी अनुमति दे दी है। बताया जा रहा है कि इस आयोजन के लिए जो स्पांसरशिप मिलेगी, वह स्पोर्ट्स काउंसिल के माध्यम से खर्च की जाएगी, जबकि इस आयोजन में बिकने वाली टिकट का सारा पैसा मुख्यमंत्री राहत कोष में दिया जाएगा। दि ग्रेट खली दिलीप सिंह राणा ने गोविंद ठाकुर को आश्वस्त किया है कि वह कम बजट में  इस आयोजन को करेंगे। शिमला में अभी इस आयोजन के लिए जगह का चयन किया जाना है, जबकि मंडी में पड्डल मैदान में यह आयोजन होगा। युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा है कि यह विश्वस्तरीय की प्रतियोगिता होगी, जिसमें लोगों के पसंदीदा रेस्लर उनके बीच होंगे।खेल मंत्री ने बताया  कि दिलीप सिंह राणा पूर्व सरकार को भी इस तरह के आयोजन का न्यौता दे चुके हैं, लेकिन सरकार ने इस पर ध्यान नहीं दिया। उनके उपेक्षापूर्ण रवैये से ग्रेट खली संतुष्ट नहीं थे, परंतु उन्होंने वर्तमान सरकार पर भरोसा जताया है। लिहाजा वह यहां बड़ा आयोजन करने के लिए तैयार हैं। अब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से इस मामले पर चर्चा की जाएगी, जिन्होंने पहले ही इसकी अनुमति दे दी है। रेस्लिंग की दुनिया को छोड़कर वापस भारत लौटने वाले दि ग्रेट खली दिलीप सिंह राणा ने अपनी तरह के कई रेस्लर यहां पर तैयार किए हैं। उनकी कद काठी भी सात फुट से ऊपर की है। खुद खली भी सात फुट दो इंच लंबे हैं, लेकिन अब अपने से भी बड़े रेस्लर उन्होंने तैयार किए हैं, जो इन आयोजनों में अपने जौहर दिखाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App