करनैल राणा के भजनों से गुंजायमान होगा आनी कस्बा

By: Mar 24th, 2018 12:05 am

आनी – उपमंडल मुख्यालय आनी में नवरात्र के पावन अवसर पर 24 मार्च को एक विशाल भगवती जागरण का आयोजन किया जा रहा है। इस विशाल भगवती जागरण में प्रदेश के सुप्रसिद्ध भजन गायक करनैल राणा आनी के राजा रघुवीर सिंह मैदान में भक्तों को अपने मनमोहक भजनों से निहाल करेंगे। इस आयोजन की भव्यता एवं अलौकिकता के लिए कांगड़ा से श्री ज्वाला जी की जोत शनिवार को आनी लाई जाएगी। इस दिव्य जोत को लाने के लिए  शुक्रवार को भक्त कीरत राम शर्मा, धर्मेंद्र गुप्ता व नवीन गुप्ता की भक्तमंडली  को आनी व्यापार मंडल के प्रधान विनोद चंदेल तथा दुर्गा माता मंदिर कमेटी के प्रधान वीरेंद्र मल्होत्रा की अगवाई में सभी व्यापारी बंधुओं तथा अन्य भक्तों ने विधिवत पूजा-अर्चना और जयघोष के साथ रवाना किया। माता ज्वाला जी की जोत शनिवार को आनी पहुंचेगी, जिसका यहां व्यापार मंडल व मंदिर कमेटी सहित सभी भक्तों द्वारा सुंदर झांकी निकालकर भव्य स्वागत किया जाएगा। आनी में आयोजित होने वाले इस जागरण का आयोजन कस्बे के बीच बने राजा रघुबीर सिंह स्टेडियम में किया जा रहा है। आनी की दुर्गा माता मंदिर कमेटी और व्यापार मंडल के सभी सदस्य मिलकर इस जागरण का आयोजन कर रहे हैं। मंदिर कमेटी के प्रधान वीरेंद्र मल्होत्रा और व्यापार मंडल के प्रधान विनोद चंदेल ने बताया कि इस तरह का भव्य आयोजन आनी क्षेत्र में पहली बार होने जा रहा है, जिसमें कांगड़ा से ज्वाला माता की अखंड जोत लाई जाएगी और आनी पहुंचने पर जोत की शोभायात्रा दुर्गा माता मंदिर से शुरू होकर पूरे बाजार में घुमाई जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App