चौरासी परिसर में नुआले की धूम

By: Mar 20th, 2018 12:05 am

 भरमौर —सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के उपमंडल भरमौर की शीतल जल वितरण कमेटी की ओर से रविवार रात चौरासी परिसर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में नुआले का आयोजन किया गया। नुआले में सैकड़ों की तादाद में ग्रामीणों ने हाजिरी भरी। इस दौरान सुबह तक पारंपरिक शिव नुआला हुआ और लोगों ने रात भर भगवान भोलेनाथ की महिमा का गुणगान किया। सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के सहायक अभियंता एसके शर्मा ने बताया कि हर वर्ष विभाग की ओर से नवरात्र पर नुआले का आयोजन किया जाता है। इसी कड़ी में रविवार रात को यहां पर आयोजन हुआ। वहीं, सोमवार को यहां पर भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में सैकड़ों की तादाद में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से यह आयोजन किया जाता है।  उधर, चौरासी परिसर में लोक निर्माण विभाग की ओर से नवरात्र पर्व पर महामृत्युजंय जाप का आयोजन किया जा रहा है। अधिशाषी अभियंता इंद्र सिंह ने बताया कि 26 मार्च को यहां पर विभाग की ओर से भंडारे का आयोजन किया जाएगा। वहीं 21 मार्च को खंड विकास कार्यालय भरमौर की ओर से चौरासी में शिवपूजन के साथ-साथ भंडारे का आयोजन किया जाएगा। विभागों ने समस्त क्षेत्र की जनता से आह्वान किया है कि वह भंडारे व नुआले में उपस्थिति दर्ज करवा भोलेनाथ का आशीर्वाद ग्रहण करें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App