पुलिस भर्ती हुई लापता

By: Mar 24th, 2018 12:05 am

अजय भंडारी, चंबीधार, राजगढ़

बीते वर्ष से शुरू हुई पुलिस कांस्टेबल भर्ती नया वर्ष और नई सरकार आने के बावजूद सिरे नहीं चढ़ सकी है। लिखित परीक्षा का परिणाम लगभग छः महीने पूर्व घोषित किया जा चुका है। इसके बावजूद पुलिस विभाग तथा प्रदेश सरकार मिलकर भी इस भर्ती के लिए उत्तीर्ण हुए युवाओं के साक्षात्कार नहीं करवा पाए हैं। अब प्रश्न यह उठता है कि सरकार तथा पुलिस विभाग को साक्षात्कार करवाने से कौन रोक रहा है? जिसके कारण प्रदेश सरकार तथा विभाग इस भर्ती पर अंतिम निर्णय नहीं ले पा रहे हैं। न जाने यह भर्ती क्यों लापता सी हो गई है?  इतना समय बीत जाने के बाद भी इस भर्ती को अब तक क्यों बहाल नहीं किया गया है? ये कुछ प्रश्न हैं जो उन हजारों बेरोजगार युवाओं के मन में बार-बार उत्पन्न हो रहे हैं, जिहोंने इस भर्ती की शारीरिक तथा लिखित परीक्षा को उत्तीर्ण करने के लिए जी तोड़ मेहनत की है।  पुलिस भर्ती का अंतिम पड़ाव साक्षात्कार है, जिसे सरकार न करवा कर एक तो युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर कही है,दूसरी ओर युवाओं का भरोसा भी खोने की कगार पर है। वैसे भी परीक्षाओं में हो रहे घपलों को लेकर युवाओं का आयोग से भरोसा उठ गया है। ऐसे में इस परीक्षा का परिणाम निकाला जाना बहुत अनिवार्य है। रोजगार व सुनहरे कल की आस लगाए बैठे युवाओं को प्रदेश सरकार से काफी उम्मीदें हैं। प्रदेश सरकार को चाहिए कि बेरोजगार युवाओं  के पक्ष में निर्णय लेकर राष्ट्र का स्तम्भ कहे जाने वाले युवाओं के भविष्य को सुरक्षित कर उज्ज्वल बनाए।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App