शहीद स्मारक का लोकार्पण 

By: Mar 24th, 2018 12:05 am

पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने किया उद्घाटन, जांबाजों को नमन

ऊना – देश की एकता व अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने में जिन वीर सैनिकों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है, संपूर्ण राष्ट्र इसके लिए उन शहीदों व उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञ रहेगा। यह बात शुक्रवार को ऊना एमसी पार्क में पूर्व सैनिक सेवा परिषद के तत्त्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पार्क में जनसहयोग से निर्मित शहीद स्मारक का लोकार्पण करने के उपरांत मुख्यातिथि पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कही। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने व स्वतंत्रता उपरांत आजादी को बनाए रखने में वीर सैनिकों का अहम योगदान रहा है। जिला ऊना से संबंधित शहीद सैनिकों व उनके परिवारों को नमन करते हुए वीरेंद्र कंवर ने कहा कि शहीदों के बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता। हिमाचल प्रदेश देवभूमि होने के साथ-साथ वीरभूमि भी है। उन्होंने अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव के चित्रों पर माल्यापण किया। जिला ऊना ने भी देश की एकता व अखंडता के लिए सर्वोच्च बलिदान दिए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकारें सैनिक परिवारों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने पहले बजट में प्रदेश के गांव-गांव में गौरव पट के निर्माण का निर्णय लिया है। इसमें हर गांव के वीर सैनिकों के नामों का उल्लेख होगा। उन्होंने कहा कि वह स्वयं सैनिक परिवार से संबंधित है तथा उनके मन में पूर्व व सेवारत सैनिकों तथा उनके परिवारों के प्रति बेहद सम्मान है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशिष्टातिथि प्रदेश भाजपाध्यक्ष व पूर्व विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि ऊना जिला मुख्यालय में शहीद स्मारक का निर्माण एक स्वागत योग्य कदम है। इससे देश की अस्मिता पर जान न्योछावर करने वाले वीर जवानों को याद कर सम्मान दिया जा सकेगा। सतपाल सत्ती ने कहा कि ऊना के एमसी पार्क का नाम शहीद पार्क होना चाहिए। इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लै. जनरल रिटायर्ड वीएम पाटिल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम को पूर्व सैनिक सेवा परिषद के प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर यशपाल सिंह, जिलाध्यक्ष बलदेव डोगरा व नगर परिषद के अध्यक्ष अमरजोत सिंह बेदी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर डीसी विकास लाबरू, सहायक आयुक्त विनय मोदी, हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक सेवा परिषद के अध्यक्ष यशपाल ठाकुर, ब्रिगेडियर पवन कुमार, उपनिदेशक सैनिक कल्याण मेजर रघवीर सिंह, हिमोत्कर्ष संस्था के प्रदेशाध्यक्ष कंवर हरि सिंह, राणा शमशेर सिंह, कैप्टन शक्ति चंद, पूर्व नौ सैनिक कल्याण संघ के जिलाध्यक्ष ओपी शर्मा, पूर्व वायु सैनिक सेवा संगठन के अध्यक्ष हरीश चंद्र शर्मा, पूर्व सैनिक सेवा परिषद के जिलाध्यक्ष बलदेब डोगरा, कर्नल सतदेव, राजेंद्र शर्मा, एसपी शर्मा, सरदारी लाल शर्मा, रमेश चंद शर्मा, कर्णपाल सिंह मनकोटिया, राजेंद्र शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App