हर महीने कतार में लग रहे 15 हजार

By: Mar 20th, 2018 12:06 am

प्रदेश भर के रोजगार कार्यालयों में बढ़ रही नौकरी के चाह्वानों के पंजीकरण की संख्या

पालमपुर – प्रदेश में हर माह औसतन करीब 15 हजार नए लोग नौकरी की आस में रोजगार कार्यालयों की सूची में अपना नाम दर्ज करवा रहे हैं। साल 2017 में रोजगार कार्यालयों में नए पंजीकृत होने वाले लोगों की संख्या एक लाख 74 हजार 980 रही है। यह आंकड़ा साल 2015 और 2016 के मुकाबले काफी अधिक है। 2015 में 146741 और 2016 में 144692 लोगों ने नौकरी की चाह में रोजगार कार्यालय में अपना नाम दर्ज करवाया था।  दूसरी तरफ रोजगार कार्यालयों में सबसे अधिक पंजीकृत लोगों की संख्या वाले जिला कांगड़ा में हर साल रोजगार कार्यालय में आने वाले लोगों का आंकड़ा भी सबसे अधिक रहा है। 2015 में जहां जिला कांगड़ा में 34835 नए बेरोजगार जुड़े थे, वहीं 2016 में यह संख्या 35459 रही तो 2017 में यह ग्राफ 34606 पर पहुंचा है। अकेले जिला कांगड़ा में ही हर माह करीब तीन हजार नए युवा बेरोजगारों की सूची में शामिल हो रहे हैं, जो कि पूरे प्रदेश के आंकड़े का करीब 20 प्रतिशत है। जिला मंडी में हर माह नए पंजीकरण की संख्या तीन हजार के करीब पहुंच चुकी है। यहां 2015 में 25258, 2016 में 27866 तो 2017 में 32376 नए पंजीकरण दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा जिला किन्नौर में साल भर में 2324 तो जिला लाहुल-स्पीति में मात्र 1368 लोगों ने रोजगार कार्यालर्यों में नाम दर्ज करवाए। जिला बिलासपुर में 2016 में जहां 6296 नए पंजीकरण हुए थे, वहीं 2017 में यह ग्राफ 12164 तक जा पहुंचा। जिला कुल्लू एकमात्र ऐसा जिला रहा है, जहां 2017 में पंजीकरण का आंकड़ा 2016 के मुकाबले कम रहा। 2016 में जहां जिला कुल्लू में 8361 पंजीकरण हुए थे, वहीं 2017 में यह आंकड़ा 8023 रहा।

कार्यालयों में पंजीकरण का आंकड़ा

जिला                  2015        2016       2017

बिलासपुर 10548      6296      12164

चंबा                   19509      9485       12059

हमीरपुर               11129      10293     15205

कांगड़ा                34835       35459     34606

किन्नौर                1398        1457       2324

कुल्लु                  6526        8361       8023

लाहुल-स्पीति         817          1191       1368

मंडी                   25258       27866     32376

शिमला                15249      13388      15986

सिरमौर                9216        10278     11785

सोलन                 10382      10126     11931

ऊना                   11874       10492     17153

कुल                   146741    144692    174980


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App