क्षेत्रवाद, टोपी की सियासत समाप्त

By: Apr 20th, 2018 12:06 am

छत्तरी की जनसभा में बोले सीएम, क्षेत्र को आईटीआई सहित कई सौगातें

छत्तरी (थुनाग)— मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में क्षेत्रवाद तथा टोपी की राजनीति के दिन अब समाप्त हो गए हैं। वर्तमान सरकार प्रदेश के प्रत्येक भाग तथा क्षेत्र का संतुलित एवं चहुंमुखी विकास सुनिश्चित करेगी। बिना किसी भेदभाव के वर्तमान सरकार अपना कर्तव्य निभा रही है। मुख्यमंत्री गुरुवार को छत्तरी में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के अनछुए क्षेत्रों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करेगी, जिसके लिए 50 करोड़ का बजट रखा गया है। मुख्यमंत्री ने इससे पहले 3.21 करोड़ की लागत से पेंडापाणी गट्टू सड़क तथा 4.70 करोड़ से बनने वाली बड़योगी से लस्सी सड़क के स्तरोन्नयन का भूमि पूजन किया। सीएम ने छत्तरी में आईटीआई खोलने सहित कई घोषणाएं भी इस दौरान कीं। दौरे के दौरान सीएम ने मगरू महादेव मंदिर में पूजा अर्चना की। इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने कहा कि 7.20 करोड़ से गाड़ागुशैणी से बागराछत्तरी सड़क पर मैटलिंग का कार्य किया जाएगा। टिप्परी-भजौणी सड़क की मैटलिंग तथा टायरिंग पर 3.17 करोड़, जबकि भजोरी से चवोग सड़क पर 5.48 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री का छत्तरी हेलिपैड तथा मुख्य बाजार छत्तरी में स्वागत किया गया। इस दौरान सीएम पर फूलों की वर्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए छत्तरी में उपतहसील खोली है। कुछ राजनीतिक विरोधियों द्वारा क्षेत्र का विकास न देख पाने की स्थिति में जंजैहली मामले को अनावश्यक उठाया गया। इस मौके पर भाजपा शक्ति केंद्र बागड़ाथाच ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए एक लाख रुपए का चैक भेंट किया। करसोग के विधायक हीरा लाल, आनी के विधायक किशोरी लाल, सीएम के ओएसडी शिशु धर्मा, जिलाध्यक्ष जोध सिंह, मंडलाध्यक्ष शेर सिंह, छत्तरी के प्रधान अजीत राणा, रितु शर्मा और अधिकारी भी उपस्थित रहे।

चंडीगढ़ में हिस्सा लेकर रहेंगे

छत्तरी— मुख्यमंत्री ने कहा कि चंडीगढ़ में हिमाचल के हिस्से के लिए सरकार प्रयास कर रही है। इस हिस्से को हासिल करना कठिन है, लेकिन सरकार पूरे प्रयास करेगी। सीएम ने पत्रकारों से कहा कि पहले पंजाब, हरियाणा और हिमाचल एक ही भाग था और जब यह अलग हुए तो हिमाचल को चंडीगढ़ में उसका वैधानिक हिस्सा नहीं मिला।

जीवनसंगी की तलाश हैतो आज ही भारत  मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें– निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन करे!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App