प्रदेश में तैयार करेंगे अंतरराष्ट्रीय  खिलाड़ी

By: Apr 23rd, 2018 12:11 am

कुल्लू —हिमाचल प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने के लिए नई खेल नीति बनाई जाएगी। इसके लिए खेलों में अग्रणी राज्य हरियाणा की खेल नीति का अध्ययन किया जा रहा है।  रविवार को ढालपुर मैदान में एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत खेले गए अंतरराज्यीय अंडर-20 महिला हैंडबाल मैच के बाद खिलाडि़यों व विभिन्न खेल संगठनों के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए वन मंत्री गोविंद सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल सुविधाओं का व्यापक विस्तार किया जाएगा तथा प्रतिभाशाली खिलाडि़यों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्याप्त अवसर मुहैया करवाए जाएंगे। एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम की सराहना करते हुए मंत्री ने कहा कि आजादी के बाद भारत को एक सूत्र में पिरोने वाले लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल को समर्पित इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के युवा प्रेरित होंगे तथा उनमें राष्ट्रीय एकता का भाव जगेगा। मंत्री ने खिलाडि़यों से कहा कि वे मेहनत, दृढ़ निश्चय व खेल भावना के साथ मैदान में डटे रहें और जीवन में आगे बढ़ें। इस अवसर पर मंत्री  ने हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक व उत्तराखंड की संयुक्त टीम के बीच खेले गए अंडर-20 महिला हैंडबाल मैच की खिलाडि़यों को पुरस्कृत भी किया। इससे पहले हिमाचल प्रदेश हैंडबाल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष आशीष ढिल्लों ने मंत्री का स्वागत किया तथा एक भारत, श्रेष्ठ भारत के अंतर्गत करवाई जा रही खेल प्रतियोगिताओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में इन्होंने भरी हाजिरी

कार्यक्रम के दौरान आनी के विधायक किशोरी लाल सागर, बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी, हिमाचल प्रदेश हैंडबाल एसोसिएशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रवेश शर्मा, महासचिव नंद किशोर शर्मा, जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष दानवेंद्र सिंह, खेल परिषद के सदस्य डा. गौरव भारद्वाज,  विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, हैंडबाल के कोच व रैफ री भी उपस्थित रहे।

प्रदेश की टीम ने जीता हैंडबाल मैच

एक भारत, श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के अंतर्गत खेले गए हैंडबाल मैच में कई अंतरराष्ट्रीय खिलाडि़यों से सुसज्जित हिमाचल प्रदेश की टीम ने कर्नाटक व उत्तराखंड की संयुक्त टीम को एकतरफा मुकाबले में 14-आठ के अंतर से करारी मात दी। हिमाचल की टीम में दीपा, मेनका, निधि, शालिनी और अन्य अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल रहीं।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App