मनाली-लेह सड़क पर दौड़ेंगी गाडि़यां

By: Apr 9th, 2018 12:10 am

केलांग —समारिक दृष्टि से अति महत्त्वपूर्ण मनाली-लेह मार्ग को बहाल करने में बीआरओ के जवान डट गए हैं। केलांग से बारालाचा की तरफ  बीआरओ ने मोर्चा संभाल लिया है। लेह पहुंचने के लिए मनाली से जाने वाले लोगों को बारालाचा दर्रा पार करना पड़ता है तो इस मार्ग पर करीब 16 हजार फुट की ऊंचाई पर स्थित है। ऐसे में बीआरओ का अगला मिशन अब बारालाचा दर्रे को बहाल करने का है। यहां बता दें कि बीआरओ के जवानों ने जेएंडके की तरफ से करीब सभी दर्राें से बर्फ हटा दी है। रोहतांग की बहाली के बाद बीआरओ ने अपने अगले टारगेट में बारालाचा को लिया है। हालांकि बीआरओ का एक दल पहले ही इस दर्रे की बहाली में जुटा हुआ था। रोहतांग पर काम खत्म करने के बाद बीआरओ ने अब बारालाचा दर्रे पर बर्फ हटा रहे दल की ताकत बढ़ाते हुए काम को रफ्तार से करना शुरू कर दिया है। लोगों का कहना है कि इस बार बीआरओ ने रिकार्ड समय में रोहतांग को बहाल किया है। ऐसे में उन्हें उम्मीद है कि बारालाचा भी जल्द बहाल होगा। बताया जा रहा है कि जिंगजिंगबार तक बीआरओ ने बर्फ हटाने के काम को पूरा कर लिया है। यहीं पर बीआरओ अपना बेस कैंप लगाने जा रहा है। बारालाचा दर्रे की बहाली के लिए अब यहीं से आपरेशन को अंजाम दिया जाएगा। केलांग से करीब 50 किलोमीटर दूर जिंगजिंगबार तक सड़क को बीआरओ ने साथ के साथ चकाचक भी कर दिया है। जिंगजिंगबार के सरचू तक रास्ता खोलना बीआरओ के लिए नई चुनौती है। एक बार बारालाचा दर्रा बहाल हो गया तो मनाली-लेह मार्ग बहाल हो जाएगा। लिहाजा सेना को जहां इस मार्ग की काफी जरूरत रहती है, वहीं सैलानी भी लेह घूमने के लिए इसी मार्ग का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं। बताया जा रहा है कि अप्रैल माह के अंत तक बारालाचा दर्रे को बहाल करने का लक्ष्य बीआरओ ने रखा है। हलांकि बीआरओ के अधिकारी साफ कह रहे हैं कि सब कुछ मौसम पर निर्भर करता है। अगर मौसम साफ रहा तो काम युद्ध स्तर पर होगा, लेकिन मौसम खराब हो गया और फिर से बर्फबारी का दौर शुरू हो गया तो बीआरओ के लिए ये किसी  नई चुनौती से कम नहीं होगा। बीआरओ के कमांडर कर्नल एके अवस्थी का कहना है कि बीआरओ का अगला लक्ष्य बारालाचा दर्रा है। उन्होंने बताया कि पहले दर्रे को बहाल किया जाएगा उसके बाद सड़क से संबंधित अन्य कार्य किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बारालाचा दर्रे को योजनावद्ध तरीके से खोला जा रहा है।

जीवनसंगी की तलाश हैतो आज ही भारत  मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें– निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन करे!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App