इक दिन बिक जाएगा… से मजरूह को पहचान

By: May 24th, 2018 12:05 am

पुण्यतिथि विशेष

महान शायर और गीतकार मजरूह का जन्म उत्तप्रदेश के सुल्तानपुर शहर मे एक अक्तूबर, 1919 को हुआ था। उनके पिता एक सब इंस्पैक्टर थे और वह मजरुह को उंची से उंची तालीम देना चाहते थे। मजरुह ने लखनऊ के तकमील उल तीब कालेज से यूनानी पद्धति की मेडिकल की परीक्षा उर्तीण की और बाद मे वह हकीम के रूप में काम करने लगे। बचपन के दिनों से ही मजरुह को शेरो.शायरी करने का काफी शौक था और वह अकसर सुल्तानपुर मे हो रहे मुशायरों में हिस्सा लिया करते थे जिनसे उन्हें काफी नाम और शोहरत मिली। उन्होंने अपनी मेडिकल की प्रेक्टिस बीच में ही छोड़ दी और अपना ध्यान शेरो-शायरी की ओर लगाना शुरू कर दिया। इसी दौरान उनकी मुलाकात मशहूर शायर जिगर मुरादाबादी से हुई। वर्ष 1945 मे सब्बो सिद्धकी इंस्टीच्यूट द्वारा संचालित एक मुशायरे में हिस्सा लेने मजरुह बंबई आए।  संगीतकार नौशाद ने मजरूह को एक धुन सुनाई और उनसे उस धुन पर एक गीत लिखने को कहा। मजरूह ने उस धुन पर, जब उनके गेसू बिखराए बादल आए झूम के गीत की रचना की। मजरूह के गीत लिखने के अंदाज से नौशाद काफी प्रभावित हुए और उन्होंने अपनी नई फिल्म शाहजहां  के लिए गीत लिखने की पेशकश की। फिल्म शाहजहां के बाद महबूब खान की अंदाज और एस फाजिल की मेहंदी जैसे फिल्म मे अपने रचित गीतों की सफलता के बाद मजरूह बतौर गीतकार फिल्म जगत मे अपनी पहचान बनाने मे सफल हो गए।  कम्युनिस्ट विचारों के कारण उन्हें जेल भी जाना पड़ा। राजकपूर ने उनकी सहायता करनी चाही लेकिन मजरूह ने उनकी सहायता लेने से मना कर दिया। इसके बाद राजकपूर ने उनसे एक गीत लिखने की पेशकश की। मजरूह ने ..एक दिन बिक जाएगा माटी के मोल ..गीत की रचना की जिसके एवज मे राजकपूर ने उन्हें एक हजार रूपए दिए। वर्ष 1953 में प्रदर्शित फिल्म फुटपाथ और आर पार में अपने रचित गीतों की कामयाबी के बाद मजरूह फिल्म इंडस्ट्री मे पुनः अपनी खोई हुई पहचान बनाने मे सफल हो गए। मजरूह ने चार दशक से भी ज्यादा लंबे सिने कैरियर मे लगभग 300 फिल्मों के लिए लगभग 4000 गीतों की रचना की। अपने रचित गीतों से श्रोताओं को भावविभोर करने वाले महान शायर और गीतकार 24 मई 2000 को इस दुनिया को अलविदा कह गए।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App