एक होकर लड़ो…जीत पक्की समझो

By: May 21st, 2018 12:05 am

 धर्मशाला —कांग्रेस पार्टी 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को महंगाई, लचर कानून व्यवस्था और मोदी के झूठे वादों पर घेरेगी। रविवार को कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें भाजपा को मात देने की रणनीति तय की गई। प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में प्रदेश सहप्रभारी रंजीता रंजन बतौर मुख्यातिथि शामिल हुईं। सीएलपी लीडर मुकेश अग्निहोत्री की उपस्थिति भी रही। रंजन ने एक-एक पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व नेताओं की नब्ज टटोली। सबसे लोकसभा चुनाव में जीत व संगठन की मजबूती के लिए सुझाव लिए। अधिकांश वक्ताओं ने कहा कि संगठन मजबूत है, नेताओं को एकजुट होने की जरूरत है। एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे, तो जीत सुनिश्चित है। प्रत्याशी का नाम कम से कम छह महीने पहले तय होना चाहिए, ताकि वह पूरा संसदीय क्षेत्र घूम सके। कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कार्यकर्ता व नेता एकजुट हैं। आने वाले समय में कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं होगी। कांग्रेस एकजुट होकर जल्दी ही भाजपा को जनहित के मुद्दों पर घेरेगी। 26 मई को नरेंद्र मोदी सरकार के चार साल पूरा होने पर कमरतोड़ महंगाई पदयात्रा निकाली जाएगी। इसके अलावा मोदी के झूठे वादों से जनता को अवगत कराएंगे। हर जिला व ब्लॉक में आंदोलन कर भाजपा को घेरा जाएगा। कार्यकर्ता कमर कस लें, 2019 में देश को तोड़ने वाली भाजपा को सत्ता से बेदखल कर देश को एक सूत्र में पिरोने वाली कांग्रेस की केंद्र में सरकारी बनानी है। इससे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के हाथ मजबूत होंगे। सम्मेलन में विधायक पवन काजल, आशीष बुटेल, जिलाध्यक्ष सुमन वर्मा, पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा, ठाकुर सिंह भरमौरी, चंद्र कुमार, पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया, किशोरी लाल, सुरेंद्र भारद्वाज, जगजीवन पाल, संजय रतन, यादविंद्र गोमा, कांगड़ा प्रभारी सुनील शर्मा के अलावा केवल सिंह पठानिया, कमल किशोर, नरदेव कंवर व कर्ण पठानिया इत्यादि उपस्थित रहे।

एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस

सह प्रभारी व सांसद रंजीता रंजन ने कहा कि कांग्रेस पदाधिकारियों का विधायकों, पूर्व मंत्रियों, सांसदों, पूर्व सांसदों व पूर्व विधायकों के साथ बेहतर समन्वय होना चाहिए। उन्होंने हमीरपुर व कांगड़ा में बैठकें की हैं। अभी वह और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे, उसके बाद राहुल गांधी को रिपोर्ट सौंपी जाएगी। कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी व चारों सीटें राहुल गांधी की झोली में डालेंगे।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App