मलबे में दबे दो मजदूर, सुरक्षित

By: May 24th, 2018 12:03 am

सोलन में खुदाई करते झारखंड के कामगारों पर गिरी चट्टान

सोलन— शहर के वार्ड दस में जेबीटी के पास बुधवार सुबह दो मजदूर मलबे में दब गए। गनीमत रही कि दोनों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसा सुबह दस बजे हुआ, जब मजदूर एक मकान बनाने के लिए खुदाई कर रहे थे। इस दौरान पहाड़ी दरकी और मजदूर उसकी चपेट में आ गए। दोनों मजदूर झारखंड के रहने वाले हैं। इनमें 26 वर्षीय गणेश व 20 वर्षीय धनेश शामिल है। कहा जा रहा है कि हादसे के वक्त साइट पर करीब छह मजदूर कार्य कर रहे थे। हालांकि चार मजदूर वक्त पर भागने में कामयाब हो गए, लेकिन जब तक दो मजदूरों को इसका एहसास होता, तब तक पहाड़ी गिर गई। इस दौरान साथी मजदूरों ने चिल्लाना शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस, होमगार्ड, अग्निशमन विभाग व 108 एंबुलेंस को दी। सभी विभागों के उच्चाधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया और एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया। इसके बाद दोनों को 108 एंबुलेंस की सहायता से क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया गया। जहां दोनों का उपचार चल रहा है। हादसे का पता चलते ही जिला प्रशासन की ओर से जिलाधीश विनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक सोलन मधुसूदन शर्मा, आरटीओ व कार्यकारी अधिकारी नगर  परिषद सोलन नरेंद्र चौहान, सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी हेमंत वत्स सहित वार्ड दस से पार्षद सुभाष आहलूवालिया के अलावा पुलिस, होमगार्ड एवं अग्निशमन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App