कुल्लू के राम शर्मा को बिजनेस अवार्ड-2018

By: Jun 19th, 2018 12:07 am

मनाली— जिला कुल्लू के ग्रामीण परिवेश में जन्मे राम शर्मा का चयन ‘इंडिया बिजनेस-2018’ अवार्ड के लिए हुआ है। यह जिला कुल्लू के लिए गौरव की बात है। युवक ने शहर में जाकर अपने हुनर से देश का नाम दुनियाभर में रोशन किया है। जिला के दुर्गम गांव दलयाड़ा के राम शर्मा को 24 जून को बंगलूर में सम्मानित किया जाएगा। आयुर्वेद के क्षेत्र में स्वास्थ्य व सुंदरता में सराहनीय कार्य करने के लिए राम शर्मा को यह अवार्ड मिल रहा है। इससे पहले भी राम शर्मा अपने क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय अवार्ड हासिल कर चुके हैं। गत वर्ष 20 अगस्त को इस युवा व्यवसायी के टेलेंट को देखते हुए थाईलैंड में अंतरराष्ट्रीय ग्लोबल अवार्ड-2017 से सम्मानित किया गया था। इस अंतरराष्ट्रीय अवार्ड का आयोजन थाईलैंड की राजधानी बैंकाक के प्रसिद्ध होटल होली-डे इन में हुआ था। राम शर्मा आयुर्वेद के कई उत्पादों का व्यापार करते हैं और उन्होंने देशभर में आयुर्वेद के उत्पादों से लाखों लोगों को स्वस्थ जीवन दिया है। यही नहीं, प्रदेश के दुर्गम गांव दलयाड़ा में भी जश्न का माहौल है कि एक छोटे से गांव से निकला युवक चंडीगढ़ में बैठकर लाखों युवाओं को रोजगार मुहैया करवा रहा है। और उसने इस छोटे से गांव का नाम पूरी दुनिया में रोशन कर दिया है। बंजार उपमंडल के दलयाड़ा गांव में लक्ष्मण शर्मा के घर में जन्मे राम शर्मा में बचपन से ही कुछ नया करने का शौक रहा है, जो अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की ख्याति पाकर पूरा हुआ है। राम अपनी इस कामयाबी के लिए बेहद खुश हैं। राम शर्मा ने बताया कि जब उन्हें अंतरराष्ट्रीय युवा इंटरप्रन्योनर चुना गया तो उन्हें बेहद खुशी हुई और अब इस अवार्ड के लिए चयन होने पर भी उन्हें खुशी है। राम शर्मा आयुर्वेद के द्वारा पूरे भारत में बीमारियों से बचने के उपाय व दवाइयों के बारे में प्रचार-प्रसार व व्यापार कर रहे हैं। इसके अलावा कई युवाओं को रोजगार मुहैया करवाते हैं। राम शर्मा की माता कृष्णा देवी गृहिणी हैं और पिता कुल्लू कोर्ट में कार्यरत हैं। दोनों अपने बेटे की इस कामयाबी पर बेहद खुश हैं। राम शर्मा के चाचा इंद्र देव शर्मा, चाची राधा शर्मा, ग्रामीण लच्छी राम शर्मा, दिवान शर्मा, कृष्ण शर्मा आदि ने बताया कि राम शर्मा की इस कामयाबी पर गांव में भी खुशी का माहौल छाया है। राम शर्मा ने बताया कि इस कामयाबी के पीछे जहां उनके माता-पिता का हमेशा सहयोग रहा है, वहीं गुरुजनों को भी इसका श्रेय जाता है जिन्होंने उसे इस काबिल बनाया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App