कैबिनेट देगी जायका को मंजूरी

By: Jun 23rd, 2018 12:15 am

400 से ज्यादा पद भरने की तैयारी, 26 को मंत्रिमंडल की बैठक

शिमला— वित्त विभाग से मंजूरी के बाद अब वन विभाग के तहत चलाए जाने वाले जायका प्रोजेक्ट को कैबिनेट से मंजूरी के लिए भेजा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार जायका परियोजना को यहां सुचारू रूप से चलाने के लिए खाली पदों को भरना होगा। इसमें 400 से अधिक पदों को भरने की मंजूरी कैबिनेट से मांगी जा रही है, जिसके लिए प्रस्ताव तैयार हो गया है। आगामी 26 जून को कैबिनेट की बैठक होनी है। सूत्रों के अनुसार जाश्का में विभिन्न श्रेणियों के तकनीकी कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी, ताकि वनीकरण से जुड़े इस 800 करोड़ के प्रोजेक्ट को सिरे चढ़ाया जा सके। यह परियोजना आठ साल की अवधि के लिए है जिसमें काम शुरू किया जाना है। कैबिनेट से पद भरने की मंजूरी मिलने के बाद वन विभाग इस पर काम शुरू करेगा। इसके अलावा दो और परियोजनाएं भी हैं, जिनको कैबिनेट में भेजा जाना है। हालांकि इस बार की कैबिनेट बैठक में ये प्रोजेक्ट नहीं आएंगे, क्योंकि अभी तक इन पर वित्त विभाग से अनुमति नहीं मिल पाई है। इसमें आईडीपी प्रोजेक्ट और एक अन्य परियोजना शामिल है, जिनमें भी नए पदों को भरा जाना है। कुल मिलाकार एक हजार से अधिक पद भरे जाने हैं, जिसमें से 400 से ज्यादा पदों की मंजूरी के लिए मामला 26 जून को होने वाली कैबिनेट के लिए  भेजा जा रहा है। जायका परियोजना को चालू करने के लिए यहां जापान इंटरनेशल बैंक की टीम दौरा भी कर चुकी है। यह प्रोजेक्ट प्रदेश के 10 जिलों में चलाया जाना है, जिसमें वनीकरण के कार्य करने के साथ-साथ मृदा संरक्षण करना, भूमि कटाव को रोकने से जुड़े काम भी होंगे। इन प्रोजेक्टों से यहां पर रोजगार जुड़ा है। इसमें प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से लोगों को बड़ी संख्या में रोजगार हासिल होगा। कैबिनेट में पूरे प्रोजेक्ट पर चर्चा की जाएगी, जिसके बाद इसमें कुछ और सुधारात्मक कदम भी उठाए जा सकते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App