पांवटा में बारिश के बाद धान रोपाई का काम शुरू

By: Jun 18th, 2018 12:10 am

पांवटा साहिब —मैदानी इलाकों में बारिश से मौसम जहां सुहावना हो गया है, वहीं दून क्षेत्र के किसान धान की रोपाई में जुट गए हैं। पांवटा साहिब में गेहूं व धान की खेती किसानों की मुख्य आजीविका का साधन है। पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के बाद नवादा व हरिपुर टोहाना सहित आसपास के सभी गांव में किसानों ने धान की रोपाई शुरू कर दी है। हरिपुर टोहाना निवासी हरदेव सिंह व महेंद्र सिंह आदि ने बताया कि मानसून की शुरुआत में हुई इस बारिश ने खेतों की नमी को बढ़ा दिया है और धान की रोपाई को आसान कर दिया है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में शनिवार की रात से लगातार हो रही बारिश ने गर्मी से खासी राहत प्रदान की है। वहीं मानसून के शुरुआत में हुई यह बारिश पांवटा साहिब के किसानों के लिए वरदान साबित हुई है। पिछले करीब 15 दिनों से यहां के किसान वर्षा के इंतजार में थे। धान की फसल की रोपाई के लिए यह वर्षा अमृत बनकर बरसी है, जिसके बाद क्षेत्र में किसानों में खुशी की लहर है। वहीं उत्तर प्रदेश के पीलीभीत व बरेली आदि स्थानों से यहां आजीविका कमाने आए प्रवासी मजदूरों में भी काम मिलने से खुशी की लहर है। स्थानीय किसानों के यहां मजदूरी करने आए उत्तर प्रदेश के प्रवासी मजदूरों ने बताया कि हर वर्ष यहां पर धान की फसलों की कटाई व रोपाई के लिए आते हैं जिससे उन्हें रोजगार प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि वर्षा की कमी से फसल रोपाई में तकरीबन 10 से 15 दिन की देरी हुई है, परंतु बीते शनिवार हुई वर्षा के बाद रविवार सुबह से ही धान की बिजाई का यह कार्य शुरू कर दिया गया है। गौर हो कि पांवटा साहिब दून क्षेत्र में करीब डेढ़ लाख क्विंटल धान का उत्पादन होता है जिसमें अव्वल दर्जे की बासमती भी शामिल है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App