भारत ने पीटा पाकिस्तान

By: Jun 24th, 2018 12:08 am

चैंपियंस ट्रॉफी में 4-0 से दर्ज की जीत, रमनदीप-दिलप्रीत-मंदीप-ललित ने दागे गोल

ब्रेडा— भारतीय हाकी टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी में अपना पहला मुकाबला जीतते हुए सफर का जोरदार आगाज किया है। उसने धुर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 4-0 से परास्त किया। विजेता भारत के लिए रमदीप सिंह, 17 साल के दिलप्रीत सिंह, मंदीप सिंह और ललित उपाध्या ने एक-एक गोल दागे। इस तरह भारतीय टीम ने तीन बार की चैंपियन पाकिस्तानी टीम को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। मुकाबले के पहले क्वॉर्टर में दोनों टीमों की ओर से कोई गोल नहीं लग सका। दूसरा हाफ भी गोल रहित खत्म होता दिख रहा था कि रमनदीप सिंह ने भारतीय टीम के लिए पहला गोल दाग दिया। उन्होंने यह गोल हाफ टाइम से कुछ देर पहले 25वें मिनट में किया। सिमरनजीत से मिले सटीक पास को रमनदीप ने हिट लगाते हुए पोस्ट की बाईं ओर से गेंद जाल में उलझा दी। इसके साथ ही भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ 1-0 की बढ़त ले ली। दूसरे हाफ भारत के लिए एक और गोल दिलप्रीत सिंह ने किया। इस 17 साल के युवा खिलाड़ी ने 54वें मिनट में पोस्ट के दाईं ओर से करारी हिट लगा दिया, जो पाकिस्तानी गोलकीपर को छकाते हुए पोस्ट में समाई। इसके साथ ही भारत की बढ़त 2-0 हो गई। मैच खत्म होता इससे पहले ही भारत के लिए तीसरा गोल मंदीप ने किया। ललित ने मैच समाप्त होने से ठीक पहले भारत का चौथा गोल दाग दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App