विरोधी भी पहुंचे होलीलॉज

By: Jun 24th, 2018 12:02 am

सुक्खू ने वीरभद्र सिंह को घर पर पहुंचकर दी जन्मदिन की बधाई

शिमला— इसे वीरभद्र सिंह का कद कहें या फिर सुक्खू का स्वभाव, आज कांग्रेस के ये दोनों धु्रव एक साथ दिखे। मौका था वीरभद्र सिंह के जन्मदिन का, जो उनके निवास स्थान होलीलॉज में मनाया गया। यहां प्रदेश भर से कांग्रेस के नेता पहुंचे और यहां आने वालों में कांगे्रस अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू भी थे, जो अपनी टीम के साथ होलीलॉज गए। उनके साथ पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रोहित ठाकुर और राजेश धर्माणी भी रहे। दोपहर तक सभी निगाहें इस पर लगी थी कि क्या वीरभद्र सिंह के विरोधी भी यहां पहुंचेंगे, क्योंकि सभी लोगों को उन्होंने इस मौके पर आमंत्रित कर रखा था। हालांकि ऐसे कुछ लोग यहां नहीं आए, परंतु दोपहर बाद पार्टी अध्यक्ष सुक्खू ने यहां पहुंचकर कई तरह की चर्चाओं पर विराम लगा दिया। विद्या स्टोक्स सुबह से ही वीरभद्र सिंह के साथ थीं और पूरे जश्न में शामिल रहीं जिनके साथ मुकेश अग्निहोत्री और लगभग सभी विधायक व पूर्व विधायक यहां पर मौजूद रहे। विधानसभा चुनाव में जीते और हारे लगभग सभी नेता यहां पर बधाई देने पहुंचे थे। दोपहर बाद सुखविंदर सुक्खू भी यहां गए जिन्होंने वीरभद्र सिंह को उनके जन्मदिवस की बधाई दी। काफी देर तक यहां रहने पर उनके बीच खासी बातचीत भी हुई। हालांकि मनमुटाव दूर होगा, यह पता नहीं, लेकिन दोनों नेताओं की वीरभद्र सिंह के घर पर मुलाकात कांग्रेस के लिए अच्छा संकेत भी है।

आपस में लंबी चर्चा

सूत्रों के अनुसार वीरभद्र सिंह, सुखविंदर व मुकेश अग्निहोत्री की यहां काफी देर तक कुछ मुद्दों पर चर्चा भी हुई। वीरभद्र सिंह के जन्मदिन पर शरीक नहीं होने वाले नेताओं में कौल सिंह ठाकुर, विप्लव ठाकुर, आशा कुमारी प्रमुख हैं। सुधीर शर्मा भी किन्हीं कारणों से यहां नहीं आ सके, वहीं अजय महाजन भी नहीं पहुंचे थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App