शेर कभी बूढ़ा नहीं होता, मैं 85 साल का युवा

By: Jun 24th, 2018 12:07 am

अपने जन्मदिन पर बोले पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, पार्टी के लिए सुक्खू आत्मघाती

शिमला— अपने जन्मदिन के मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री  वीरभद्र सिंह ने कहा कि शेर कभी बूढ़ा नहीं होता, मैं 85 साल का युवा हूं, आज भी मेरे अंदर वही जवानी का जोश है। वीरभद्र सिंह के जन्मदिवस के मौके पर यहां होलीलॉज में खूब भीड़ रही। यहां पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए श्री सिंह ने कहा कि वह हमेशा पार्टी, प्रदेश व देश के हित के बारे में सोचते रहे हैं। पच्चीस साल की उम्र में उनको दिल्ली से हिमाचल भेजा गया था। राष्ट्रीय कांग्रेस के नेतृत्व ने उनपर जो जिम्मेदारी सौंपी उसे बखूबी निभाया और छह दफा मुख्यमंत्री रहने के बाद हिमाचल को विशेष पहचान दिलाई है। हिमाचल के विकास के लिए जो कुछ भी हो सकता था वह किया, जिससे आज यहां के लोग भी खुशहाल हैं। वीरभद्र सिंह ने राजनीति से संन्यास लेने की बात न करते हुए इतना कहा कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे, बल्कि लड़वाएंगे।

सलाहकारों से दूर रहें जयराम

मुख्यमंत्री को सलाह देते हुए वीरभद्र ने कहा कि जयराम ठाकुर भले इनसान हैं, लेकिन उनको अपनी सूझबूझ से चलना चाहिए। अपने अनुभव के आधार पर उन्होंने जयराम ठाकुर को अपने सलाहकारों को दूर रखने के लिए कहा।

मुख्यमंत्री ने फोन पर दी बधाई

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरभद्र सिंह को फोन पर जन्मदिन की बधाई दी । सीएम का पुष्पगुच्छ लेकर उनके राजनीतिक सलाहकार महेंद्र धर्माणी और मीडिया सलाहकार रोहित सांवल होलीलॉज गए।

एक हो जाए कांग्रेस

श्री सिंह ने कहा कि वह चाहते हैं कि सभी समर्थक, पूरी कांग्रेस एक हो जाए, ताकि लोकसभा चुनाव में जीत मिले। कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने भी वीरभद्र सिंह को जन्मदिन की बधाई फोन पर दी।

बदलाव भले के लिए

कांग्रेस में गुटबाजी और हाइकमान को दी गई उनकी सलाह को लेकर पूछे सवाल पर वीरभद्र सिंह ने साफ कहा कि कांग्रेस पार्टी में संगठन का ओहदा चुनाव लड़ने के बाद मिलता है। इसका अपना संविधान है, परंतु वर्तमान में सांगठनिक ढांचा संविधान के अनुरूप नहीं है। सुखविंदर सुक्खू ने उनकी हरी फसल नहीं काट ली है, जिससे वह उनके खिलाफ हो जाएं। वह संगठन में बदलाव करने की बात सिर्फ कांगे्रस के भले के लिए कह रहे हैं, क्योंकि वर्तमान में पार्टी संगठन गर्त में जा रहा है और सुक्खू का अध्यक्ष पद पर बने रहना पार्टी के लिए आत्मघाती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App