सेहतमंद बनने को योगमय हुआ हिमाचल

By: Jun 22nd, 2018 12:04 am

चौथे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जगह-जगह लगे शिविर, जिला से लेकर पंचायत तक योगाभ्यास

मुख्यमंत्री बोले, योग को बनाएं जीवन का हिस्सा

शिमला— चौथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रदेश के सभी जिलों में उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। योग का आयोजन राज्य आयुर्वेदिक विभाग, मानस कल्याण समिति द्वारा पतंजलि योग समिति और एसजेवीएनएल के सहयोग सभी जिला मुख्यालयों में किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों, नौजवानों, वरिष्ठ नागरिकों तथा अधिकारियों व कर्मचारियों ने योग में भाग लिया और योग स्थलों पर योगाचार्यों के मार्गदर्शन में विभिन्न योग मुद्राएं कर जीवन में स्वस्थ और निरोग रहने का संदेश समाज को दिया। मुख्यमंत्री ने कहा है कि योग भारतीय परंपरा का अमूल्य उपहार है। यह मन और शरीर, विचार और कर्म, मनुष्य और प्रकृति के बीच एकता का प्रतीक है। योग कला स्वास्थ्य और कल्याण के लिए समग्र दृष्टिकोण है। मुख्यमंत्री गुरुवार को रिज पर आयोजित विश्व योग दिवस समारोह के दौरान मीडिया के साथ बातचीत कर रहे थे। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में राष्ट्र संघ को वर्ष के सबसे लंबे दिन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का सुझाव दिया था। तब से पूरी दुनिया योग दिवस मना रही है। योग केवल एक व्यायाम ही नहीं, बल्कि विश्व तथा प्रकृति के साथ एकता की भावना को विकसित करने का माध्यम है। योग अभ्यास करने की कला व्यक्ति के मन, शरीर तथा आत्मा को नियंत्रित करने में मदद करती है। उन्होंने कहा कि यह शांतिपूर्ण शरीर तथा मस्तिष्क को हासिल करने में शारीरकि तथा मानसिक विषयों को एक साथ लाता है तथा तनाव और चिंता पर नियंत्रण पाने में मदद करता है। उन्होंने लोगों से योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी डा. साधना ठाकुर, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, महापौर कुसुम सदरेट, वरिष्ठ अधिकारी, सैकड़ों स्कूली बच्चों व शहर के गणमान्य व्यक्तियों ने इस अवसर पर योग किया। इससे पूर्व योग शिक्षिका उर्मिल सिंह ने राजभवन में योग तथा ध्यान कार्यक्रम का संचालन किया, जिसमें राज्यपाल ने भी भाग लिया। राज्यपाल के सचिव डा. अरुण शर्मा, सलाहकार डा. शशिकांत शर्मा, ओएसडी डा. राजेंद्र विद्यालंकर तथा स्टाफ के अन्य सदस्यों ने भी योग में भाग लिया।

जेलों में 2297 कैदियों ने भी किया योगाभ्यास

शिमला— अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हिमाचल की जेलों में कैदियों द्वारा योगाभ्यास किए गए। राज्य की जेलों में योगा प्रशिक्षकों द्वारा कैदियों के साथ-साथ जेल स्टाफ को भी योग करवाए गए। जानकारी के अनुसार राज्य में 2227 कैदियों के साथ 430 जेल कर्मियों ने भी योगाभ्यास के इस कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। जेल महानिदेशक सोमेश गोयल ने कहा कि जेल विभाग विभिन्न संगठनों के साथ काम कर कैदियों की मानसिक  और अध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए काम कर रहा है। श्री गोयल के अनुसार आर्ट आफ लिविंग, पतांजलि, योगा समीति, व्यक्ति विकास केंद्र नामक संस्थाएं नियमित तौर पर जेलों में कैदियों को योगाभ्यास करवा रही हैं। इसका कैदियों की मनोस्थिति पर सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। गोयल के अनुसार संगीन अपराध में शामिल रहा अमरीश राणा, जो कि धर्मशाला जेल में है, योग ्प्रशिक्षक बन गया है। वह जेल में कैदियों के लिए नियमित तौर पर योगा सेशन करवा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App