15 भारतीय फांसी से बचाए

By: Jun 23rd, 2018 12:02 am

सरबत का भला चैरिटेबल के अध्यक्ष डा. ओबराय ने ब्लडमनी दे दिया नया जीवन

जालंधर— प्रसिद्ध समाज सेवक एवं सरबत का भला चैरिटेबल संस्था के अध्यक्ष डा. एसपी सिंह ओबराय ने खाड़ी देशों में एक भारतीय तथा एक पाकिस्तानी नागरिक की हत्या के आरोप में फांसी की सजा पाए 15 लोगों को आर्थिक सहायता (ब्लडमनी) देकर फांसी की सजा से बचा लिया है। डा. ओबराय अब तक लगभग 20 करोड़ रुपए की ब्लड मनी देकर 93 लोगों को फांसी की सजा से बचा चुके हैं। इनमें भारत सहित पाकिस्तान के कैदी भी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त वह खाड़ी देशों में मरने वाले लगभग 63 भारतीयों, जिनमें पंजाबी भी शामिल हैं, के शवों को अपने खर्च पर भारत भेज चुके हैं और खाड़ी देशों में सजा पूरी कर चुके लगभग 850 कैदियों को जेलों से छुड़ा कर उनके वतन वापस भेज चुके हैं।  डा. ओबराय ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि खाड़ी देश की जेलों में फांसी की सजा का इंतजार करने वाले 129 लोगों में से 93 लोगों को उन्होंने ब्लडमनी देकर मुक्त करवा लिया है, जबकि 45 अन्य उम्रकैद की सजा भुगत रहे हैं। उन्होंने बताया कि फांसी की सजा पाए 36 और युवकों का वह केस लड़ रहे हैं, जिनमें 11 पंजाब, एक हरियाणा के कुरुक्षेत्र तथा दो पाकिस्तान के हैं। डा. ओबराय ने बताया कि मामले में फंसे युवक के परिजनों ने उनसे संपर्क किया, जिसके बाद उन्होंने पीडि़त परिवार से संपर्क साधा और दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति होने के बाद पीडि़त परिवार को आर्थिक सहायता देकर युवकों को फांसी की सजा से बचा लिया। उन्होंने कहा कि लंबी कानूनी प्रक्रिया के पश्चात 14 युवक भारत वापस पहुंच गए हैं, जबकि एक युवक के दस्तावेज अभी तक पूरे नहीं होने के कारण प्रक्रिया चल रही है, जो जल्दी ही भारत वापस आ जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App