कांग्रेस की रग-रग से जनता वाकिफ

By: Jul 11th, 2018 12:10 am

सोलन —प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विपक्ष को परामर्श दिया कि केवल आलोचना के लिए आलोचना न करें, बल्कि प्रदेश सरकार को विकास के लिए रचनात्मक सहयोग प्रदान करें। यह बात मुख्यमंत्री ने सोलन में पत्रकारों के साथ अनौपचारिक बातचीत में कही। वे मंगलवार को शिमला से सिरमौर के राजगढ़ जाते समय कुछ देर के लिए सोलन में रुके थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस केवल आलोचना करना जानती है। प्रदेश में कांग्रेस पार्टी भाजपा को बदनाम करने की कोशिश कर रही है, लेकिन उनकी यह कोशिश सफल नहीं हो पाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस को भलीभांति पहचान चुकी है और उनके इस तरह हथकंडों में आने वाली नहीं है। कांग्रेस पहले पार्टी के भीतर चल रही लड़ाई से निपटे उसके बाद वह भाजपा की ओर उंगली उठाई। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार का छह माह का कार्यकाल विकास की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण रहा है। प्रदेश सरकार छह माह के कार्यकाल में केंद्र सरकार से हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए 4365 करोड़ रुपए लाने में सफल हुई है। इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, पशुपालन व मत्स्य पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर, वन, परिवहन व युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, शिमला लोकसभा क्षेत्र से सांसद प्रो. वीरेंद्र कश्यप, डा. राजेश कश्यप, भाजपा प्रवक्ता व शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव तोमर, भाजपा व भाजयुमो के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकारी उपायुक्त विवेक चंदेल, पुलिस अधीक्षक सोलन मधुसूदन शर्मा, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी व अन्य उपस्थित थे।

खिलाडि़यों ने मुख्यमंत्री को कहा थैंक्स

सोलन प्रवास के दौरान राष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाडि़यों पूनम सुपुत्री मोती राम व स्मृति सुपुत्री गोवर्धन ने मुख्यमंत्री से परिधि गृह सोलन में मुलाकात की। इस दौरान दोनों खिलाडि़यों ने जन मंच के माध्यम से हिमाचली प्रमाण बनाने के लिए मुख्यमंत्री व प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। इन दोनों खिलाडि़यों का हिमाचली प्रमाण पत्र सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर इसी जन मंच कार्यक्रम में प्रदान किया गया था। प्रमाण पत्र बनने के बाद दोनों खिलाडि़यों ने प्रसन्नता व्यक्त की थी और मंगलवार को सोलन में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से मिलकर उनका व सरकार का आभार जताया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App