कांग्रेस में अपने ही अपनों के खिलाफ

By: Jul 29th, 2018 12:05 am

सुजानपुर  —सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा पर ब्लॉक कांग्रेस द्वारा आरोप- प्रत्यारोप लगाए जाने का सिलसिला नहीं थम रहा है। ऐसे में विधायक राजेंद्र राणा को भाजपा की ओर से कम और अपनी ही पार्टी के लोगों से ज्यादा बातें सुनने को मिल रहे हैं। आलम यह है कि ब्लॉक सुजानपुर महासचिव दीप गुप्ता, ब्लॉक महिला अध्यक्ष सुमन अटवाल के बाद अब पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष रहे चमेल सिंह ने सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा पर मोर्चा खोलते हुए संगठन के पदाधिकारियों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि विधायक राजेंद्र राणा कांग्रेस पार्टी का चुनाव लड़ने के बाद भी आज तक कांग्रेस पार्टी की भाषा को समझ नहीं पाए हैं। यही कारण है कि पार्टी की ओर विशेष रूप से संगठन के कार्यकर्ताओं को लगातार उन्होंने अनदेखा किया है। अपने कार्यक्रमों में ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारियों को दरकिनार कर बाहरी लोगों और विशेष रूप से संस्था के पदाधिकारियों को मान सम्मान दिया जाता है, जो सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि संस्था के पदाधिकारियों का मान-सम्मान संस्था के कार्यक्रम में होना चाहिए, जबकि कांग्रेस पार्टी का कोई भी कार्यक्रम हो उसमें पदाधिकारियों की सर्वप्रथम होनी चाहिए। ब्लॉक अध्यक्ष ने विधायक राजेंद्र राणा पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने कभी भी संगठन के कार्यकर्ताओं को मान-सम्मान नहीं दिया। यहां तक कि ब्लॉक कांग्रेस के किसी भी कार्यक्रम में उन्होंने आज तक आना अपनी शान के खिलाफ समझा है।  उन्होंने कहा कि विधायक राजेंद्र राणा अपने लोगों के  बीच ही रहते हैं, जिसका खामियाजा भविष्य में उन्हें  भुगतना पड़ सकता है। वर्तमान में संगठन के कार्यकर्त्ताओं ने कांग्रेस पार्टी का उम्मीदवार मानते हुए विधायक राजेंद्र राणा को जीत दिलवा दी, लेकिन भविष्य में उन्हें संगठन की अनदेखी का खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App