घागल में हेलिपैड, देहा में पुलिस थाना

By: Jul 13th, 2018 12:06 am

मुख्यमंत्री ने ठियोग को दी सौगात, बासाधार में बागबानी उपकेंद्र खोलने की घोषणा

ठियोग— मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश अपनी समृद्ध संस्कृति व परंपरा के लिए जाना जाता है और उनके मन में राज्य की समृद्ध संस्कृति के लिए अपार सम्मान है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष के कुछ नेता, जिन्हें संस्कृति और परंपराओं की कम जानकारी है, वे इस पर अनावश्यक टीका-टिप्पणी करते हैं। उन्होंने कहा कि वह स्वयं एक सादगीपूर्ण पृष्ठभूमि से संबंध रखते हैं और आम जनमानस की विकासात्मक जरूरतों को समझते हैं। मुख्यमंत्री गुरुवार को ठियोग तहसील की बलघार पंचायत में आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने अकेले बलघार में 13 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए घागल में हेलिपैड का निर्माण किया जाएगा। टाली में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बलघार को 30 बिस्तर सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने की घोषणा भी सीएम की। उन्होंने पुलिस पोस्ट देहा को पुलिस स्टेशन में स्तरोन्नत करने तथा बासाधार में बागबानी उपकेंद्र खोलने का भी ऐलान किया। बलसन घूंड कल्याण संघ ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए मुख्यमंत्री को 51 हजार रुपए का चेक भेंट किया। इस दौरान चौपाल के विधायक बलवीर वर्मा ने अपने गृह निर्वाचन सभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि चौपाल के लोगों ने अपने विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने के लिए 27 वर्षों के उपरांत भाजपा उम्मीदवार को चुना है औ मुख्यमंत्री से क्षेत्र के लोगों को बहुत अपेक्षाएं हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App