डिपुओं में ऑनलाइन रेट कम, प्रिंट में ज्यादा

By: Jul 21st, 2018 12:20 am

बायोमीट्रिक सिस्टम से गायब हुए परिवार के सदस्य, राशन को उपभोक्ता असमंजस मे

 हमीरपुर—सस्ते राशन की दुकानों में दालों व तेल के ऑनलाइन रेट कम शो हो रहे हैं। हालांकि पैकेट पर रेट अधिक दर्शाया गया है। इसके चलते डिपोधारकों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। वहीं उपभोक्ता भी खाद्य पदार्थों के एक समान रेट न होने पर खफा हैं। ज्यादा बिल बनाने पर उपभोक्ताओं की डिपोधारकों से तीखी नोक-झोक हो रही है। जुलाई माह का राशन बायोमीट्रिक सिस्टम से वितरित किया जा रहा है। उपभोक्ता के फिंगर प्रिंट के बाद ऑनलाइन राशन शो हो रहा है। इसमें राशन का रेट भी दर्शाया जा रहा है। ऑनलाइन में चना दाल व तेल का कम रेट दर्शाया जा रहा है। हालांकि पैकेट पर चना दाल का 40 रुपए प्रिंट रेट छापा गया है, जबकि ऑनलाइन चना दाल का रेट 35 रुपए शो हो रहा है। इसके अलावा तेल का 72 रुपए प्रिंट रेट दर्शाया गया है, लेकिन ऑनलाइन तेल का रेट 62 रुपए दिखा रहा है। डिपोधारकों की इसके चलते दिक्कतें बढ़ गई हैं। अगर ऑनलाइन रेट के हिसाब से उपभोक्ताओं को राशन वितरित किया जाता है, तो उन्हें घाटा उठाना पड़ेगा। इसके चलते उन्हें मजबूरन कैश मैमो पर उपभोक्ताओं को राशन देना पड़ रहा है। बायोमीट्रिक सिस्टम ऑनलाइन होने से कई उपभोक्ताओं की दिक्कतें बढ़ गई हैं, क्योंकि ऑनलाइन राशन से कई सदस्यों के नाम गायब हैं। अगर किसी के कार्ड में छह सदस्य हैं, तो ऑनलाइन तीन या चार सदस्य ही शो हो रहे हैं। इसके चलते उपभोक्ताओं को ऑनलाइन सदस्यों के हिसाब से ही राशन वितरित किया जा रहा है। उपभोक्ताओं को फिंगर प्रिंट के बाद ही राशन बांटा जा रहा है। इसके चलते कई बार सर्वर भी डाउन हो रहा है। विभाग की नई पहल से डिपोधारकों व उपभोक्ताओं की दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं। डिपुओं में उपभोक्ताओं की शिकायतें आ रही हैं, जिसे विभाग को समय-समय पर अवगत करवाया जा रहा है।  उपभोक्ताओं की समस्या को समय पर हल नहीं किया गया, तो कई लोग राशन से ही वंचित रह जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App