पंजाब में पुलिस जवानों को तीन प्रोमोशन, हिमाचल में जगी आस

By: Jul 27th, 2018 12:01 am

शिमला— पंजाब में पुलिस जवानों को तीन प्रोमोशन के प्रावधान से हिमाचल के पुलिस जवानों को भी आस जगी है। हाल ही में पंजाब सरकार की ओर से इस बारे में फैसला लागू किया गया है। इसके अनुसार पुलिस जवानों को 16 साल, 24 साल और 30 साल का सेवाकाल पूरा करने पर प्रोमोशन का प्रावधान किया गया है। इस बारे में नौ जुलाई को पंजाब सरकार की ओर से अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। पंजाब सरकार के इस फैसले के बाद वहां पुलिस के जवानों में खुशी की लहर है, वहीं हिमाचल में भी पुलिस जवानों में एक आस जगी है। हिमाचल सरकार कर्मचारियों के वित्तीय लाभ और अन्यों लाभों के लिए पंजाब पैटर्न को फॉलो करती रही है। पंजाब सरकार के फैसले के बाद हिमाचल में भी इसे लागू करने की मांग उठ रही है। हिमाचल में एक पुलिस कांस्टेबल की हैड कांस्टेबल बनने में ही पूरी उम्र गुजर जाती है। गौर हो कि पूर्व पुलिस महानिदेशक अश्वनी कुमार ने पुलिस जवानों को उनके करियर के दौरान तीन प्रोमोशन देने की दिशा में कदम उठाए थे, लेकिन इसके बाद इस पर गौर नहीं किया गया। पुलिस जवानों की मानें तो उनको पदोन्नति देने से सरकार पर कोई वित्तीय प्रभाव नहीं पड़ेगा, क्योंकि वे पहले ही इससे अधिक वेतन ले रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App