परिवहन कर्मियों को 3% महंगाई भत्ता

By: Jul 26th, 2018 12:06 am

निगम की निदेशक मंडल की बैठक में कर्मचारियों को मिला तोहफा

शिमला — हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों को प्रदेश सरकार ने बड़ी राहत दी है। परिवहन निगम की बीओडी की बैठक में कर्मचारियों के महंगाई भत्ता में तीन प्रतिशत बढ़ोतरी कर दी है। अब कर्मचारियों को 134 फीसदी से 137 फीसदी महंगाई भत्ता मिलेगा और इस महंगाई भत्ते का जुलाई 2018 के वेतन में नकद भुगतान किया जाएगा। यहीं नहीं निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को डीए 113 फीसदी से 125 फीसदी कर दिया है। इसके साथ ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 12 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।  इसके अलावा निगम के जनजातीय क्षेत्रों में सेवाएं देने वाले कर्मचारियों के भत्तों में वृद्धि कर दी गई है। इन कर्मचारियों को पहले जहां 300 फीसदी भत्ता मिलता था, उसे बढ़ा कर 450 कर दिया है। इसके अलावा अनुबंध कर्मचारियों के ग्रेड-पे में 100 फीसदी वृद्धि की है, जिसके चलते प्रदेश के 507 लोगों को लाभ मिलेगा। परिवहन निगम के निदेशक मंडल की बैठक में फैसला लिया गया कि अनुबंध कर्मचारियों को तीन साल में नियमित किया जाएगा, जबकि अभी तक निगम में नियमित नहीं किया जाता था। बैठक में निगम से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिवार को प्राथमिकता के आधार पर नौकरी देने का भी फैसला  लिया गया। परिवहन मंत्री गोबिंद ठाकुर ने कहा कि निगम के कर्मचारियों को राहत देने का प्रयास किया गया है  इसके अलावा चालकों को प्रोमोशन देने का फैसला भी लिया गया है। पत्रकारों को संबोधित करते हुए जेएनयूआरएम के तहत खरीदी  गई 325 बसों में से 60 बसों को चला दिया गया है और बाकी बसों को भी जल्दी चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार में बसों के खरीदने में अगर अनियमिततताएं बरती गई तो उसकी भी जांच की जाएगी। मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने शिमला के लिए 50 इलेक्ट्रिक बसें और धर्मशाला के लिए दस नई बसों का तोहफा दिया है।

20 साल का कार्यकाल पूरा करने वालों को वरिष्ठ चालकों का पदनाम

प्रदेश में 20 साल से ज्यादा परिवहन निगम की बसों को चलाने वाले चालकों के लिए भी बड़ी राहत प्रदान की गई है। परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा कि जो चालक 20 साल या इससे ज्यादा समय से सरकारी बस के चालक हैं तो उन्हें अब वरिष्ठ चालक का रूतबा प्रदान किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में पहली बार चालकों को भी पदोन्नति का तोहफा सरकार की ओर से प्रदान किया गया है।

प्रशिक्षित परिचालकों के लिए पॉलिसी

प्रदेश परिवहन निगम की बैठक में प्रशिक्षित परिचालकों को भी राहत प्रदान की गई है। निदेशक मंडल की बैठक में परिवहन निगम में प्रशिक्षित परिचालकों के लिए पालिसी बनाई गई, जिसमें अब परिचालकों की भर्ती में प्रशिक्षुओं को पांच नंबर अतिरिक्त दिए जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App