प्रकृति की सुरक्षा से ही होगा विकास

By: Jul 15th, 2018 12:05 am

सोलन – सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डा. राजीव सैजल ने कहा कि प्रकृति के साथ मनुष्य का सह अस्तित्व है तथा प्रकृति की सुरक्षा से ही दीर्घकालिक विकास संभव है। डा. सैजल आज 69वें वन महोत्सव के तहत सोलन जिले के कसौली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बोहली में वृत स्तरीय पौधरोपण अभियान का शुभारंभ करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर बोहली में तीन हैक्टेयर क्षेत्र में दाड़ू, आंवला, बहेड़ा तथा जामुन के 3300 पौधे लगाए गए। डा. सैजल ने पौधरोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। डा. सैजल ने कहा कि वृक्ष न केवल पृथ्वी पर सभी जीवों के सुरक्षित अस्तित्व अपितु शुद्ध वायु, शुद्ध जल तथा शुद्ध पर्यावरण के लिए भी आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि वनों को सुरक्षित रखकर ही पृथ्वी को भावी पीढि़यों एंव अन्य जीव जंतुओं के निवास के लिए बचाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि सत्त विकास के लिए मनुष्य को प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर रहना सीखना होगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि हिमाचल का साफ  पर्यावरण समूचे उत्तर भारत के पर्यावरण को सुरक्षित रखने में अहम है। हम जितना अधिक अपने प्रदेश में वनों को सुरक्षित रखेंगे तथा पौधरोपण करेंगे उतना ही पर्यावरण संरक्षण में  योगदान देंगे। इस मौके पर अरण्यपाल हर्षवर्धन कथूरिया ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा पौधरोपण कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 12, 13 तथा 14 जुलाई को कार्यन्वित किए जा रहे पौधरोपण अभियान में प्रदेश में 15 लाख पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए  राज्य में 590 स्थान चिन्हित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वन विभाग आज इस लक्ष्य को प्राप्त कर लेगा। वन वृत सोलन के तहत सोलन तथा नालागढ़ वन मण्डलों में इस अवधि में विभिन्न प्रजातियों के 62,000 पौधे लगाए जा रहे हैं। इस मौके पर डा. सैजल की धर्म पत्नी डा. रेणु सैजल, बघाट बैंक के अध्यक्ष तथा जिला सोलन भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष पवन गुप्ता, क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता कपूर सिंह वर्मा, भाजपा मण्डल कसौली के महामंत्री हीरा नंद, सचिव कृपाल, जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के निदेशक सुरेंद्र सयाल, जिला भाजपा सोलन के कोषाध्यक्ष लक्ष्मी ठाकुर, उपाध्यक्ष धर्मेंंद्र ठाकुर, भाजपा तथा भाजयुमो के वरिष्ठ पदाधिकारी, ग्राम पंचायत बोहली की प्रधान कमलेश, वन मंडलाधिकारी आरएस जसवाल समेत कई अधिकारी भी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App