भगवान श्री जगन्नाथ की भक्ति में डूबा नाहन

By: Jul 16th, 2018 12:04 am

नाहन— भगवान श्री जगन्नाथजी की रथ यात्रा रविवार को विधि-विधान के साथ आरंभ हुई। यात्रा का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने किया। इससे पहले उन्होंने नाहन शहर के बड़ा चौक स्थित भगवान श्री जगन्नाथ जी के प्राचीन मंदिर में पूजा-अर्चना की और हवन यज्ञ में पूर्णाहुति डाली। उसके उपरांत रथ यात्रा शुरू हुई। गौर हो कि जगन्नाथ पुरी के बाद नाहन में भगवान श्री जगन्नाथ जी की भव्य रथ यात्रा निकाली जाती है। इस यात्रा में प्रदेश के अलावा देश के अन्य हिस्सों से भी भक्तों ने भारी संख्या में शिरकत की।  यात्रा शुरू होने से पूर्व रविवार सुबह मंदिर में भगवान श्री जगन्नाथ जी को छप्पन भोग का प्रसाद लगाया गया। उसके उपरांत श्री विग्रहों की पूजा के पश्चात यात्रा जगन्नाथ मंदिर से चौगान मैदान तक भगवान को पालकी में ले जाया गया। चौगान मैदान में भगवान श्री जगन्नाथ की यात्रा आरंभ होने से पूर्व श्री विग्रहों को रथ पर आरूढ़ किया गया तथा छप्पन भोगों का प्रसाद चढ़ाया गया। गौर हो कि जिला मुख्यालय नाहन में कई वर्षों से भगवान श्री जगन्नाथ जी की रथ यात्रा विधि-विधान के साथ आरंभ की जा रही है। मंदिर के मुख्य पुजारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि भगवान श्री जगन्नाथ जी की रथ यात्रा पूरे विधि विधान के साथ आरंभ की गई। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में न केवल जिला सिरमौर, बल्कि बाहरी राज्यों से भी भगवान श्री कृष्ण के अनुयायियों ने भाग लिया। यात्रा में श्री चेतन्य गौडीय मठ चंडीगढ़ एवं वृंदावन से आए जगन्नाथ भगवान के भक्तों के अलावा स्थानीय लोगों ने भी हिस्सा लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App