मीडिया में जाने वाले नेताओं पर होगी कार्रवाई

By: Jul 16th, 2018 12:07 am

कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल की दोटूक, मुस्लिम महिलाओं को गुमराह कर रहे नरेंद्र मोदी

नाहन— देश में भाजपा की सरकार आने के बाद अघोषित आपातकाल की स्थिति हो गई है। यह बात जिला मुख्यालय नाहन में आयोजित कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी रजनी पाटिल ने कही। उन्होंने कहा कि भाजपा देश को बांटने का काम कर रही है। प्रधानमंत्री को आड़े हाथ लेते हुए कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि मुस्लिम महिलाओं के ट्रिपल तलाक की बात करने वाले नरेंद्र मोदी महिलाओं को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने पीएम पर सीधा हमला करते हुए कहा कि जो व्यक्ति अपनी पत्नी का नहीं हुआ, वह देश की महिलाओं की व्यथा क्या समझेगा। केंद्र सरकार ने देश को धर्म में बांट दिया है। कांग्रेस फिलहाल लक्ष्य 2019 पर काम कर रही है। प्रदेश में अभी जहां कांग्रेस 4-0 पर है, वहीं लक्ष्य 2019 में स्थिति 0-4 की होगी। उन्होंने कहा कि आरएसएस देश में अफवाह फैलाने का काम करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वर्ष 2019 का चुनाव किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी व राहुल गांधी का चुनाव है। प्रदेश कांग्रेस में भले ही कुछ गिले-शिकवे थे, लेकिन अब सब कार्यकर्ता एकजुट होकर 2019 के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने आगाह किया कि सीधे मीडिया में जाने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मुकेश अग्निहोत्री ने जयराम सरकार को दुर्घटना से बनी सरकार बताया। उन्होंने कहा कि 25 साल राज करने के दावे करते हैं, लेकिन पहले पांच साल सरकार चलाकर दिखाएं। इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष जीआर मुसाफिर,  महासचिव हर्षवर्धन चौहान, अजय सोलंकी, हरकिरत सिंह, विनय कुमार, किरनेश जंग, अजय बहादुर सिंह, सीता राम शर्मा, भारतभूषण मोहिल, बबलू पंडित, ओपी ठाकुर, कपिल शण्कवाण व कमला चौहान आदि उपस्थित रहे।

सिरमौर में अपनों ने पीठ पर छुरा घोंपा

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि सिरमौर में पार्टी दो सीटें जीत सकती थी, लेकिन कुछ अपनों ने ही पीठ में छुरा घोंप दिया। संभवतः यह इशारा प्रदेश निर्माता डा. वाईएस परमार के परिवार की तरफ किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को एकजुट होकर मिशन-2019 को फतेह करना है।

सुक्खू बोले, बना रहे चापलूसों की सूची

सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि गुस्से में गलती हो सकती है तो बड़े-बुजुर्ग बैठकर समझा भी सकते हैं। उन्होंने कहा कि अब सुधार का वक्त शुरू हो चुका है। कुर्सी न मेरी है और न ही किसी और की। आना-जाना तो चलता ही रहता है। पार्टी में चापलूस कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की जा रही है। ऐसे कार्यकर्ताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App