यूक्रेन में हिमाचली संस्कृति की झलक

By: Jul 20th, 2018 12:03 am

खारकिव शहर की प्रदर्शनी में सजी मंडी के अमन की पेंटिंग्स, अगस्त में स्लोवेनिया में एग्जिविशन

मंडी— मंडी के युवा चित्रकार अमन की पेंटिंग्स यूक्रेन में हिमाचली संस्कृति की झलक दिखा रही हैं। अमन मंडी के मशहूर चित्रकार राजेश के बेटे हैं। अब अमन दुनिया के उन खास चित्रकारों में शामिल हो गए हैं, जिनके चित्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया जा रहा है। अमन की बनाई पेंटिंग्स यूक्रेन के खारकिव शहर की ‘दि एव गैलरी’ में 22 जुलाई तक प्रदर्शित होंगी। इसके अलावा अगस्त में अमन की पेंटिंग्स स्लोवेनिया की लोकाजीव गैलरी में हिमाचली संस्कृति पर आधारित पेंटिंग्स प्रदर्शित होने जा रही हैं। अमन की पेंटिंग्स की विशेष बात यह है कि ये हिमाचली संस्कृति पर आधारित हैं। इनमें हिमाचल की संस्कृति को दिखाया गया है। बीटेक मैकेनिकल की पढ़ाई कर चुके अमन के पास नौकरी के ऑफर भी आए, लेकिन उसका मन रंगों से बनते-बिगड़ते चित्रों के बीच ऐसा रमा कि उसके कदम पापा के स्टूडियो की ओर बढ़ने लगे, जहां वह घंटो रंगों से कोरे कैनवास को चित्रित कर नई-नई आकृतियां गढ़ते चले गए। अमन गत दो सालों से हिमाचली संस्कृति को अपनी चित्रकला का सबजेक्ट बनाकर उस पर काम करते रहे और चालीस से अधिक चित्र बना डाले। अब तक अमन के चित्रों की प्रदर्शनी शिमला और मंडी में लग चुकी है, जबकि अब अमन की पेंटिंग्स अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यूक्रेन में प्रदर्शित हुई हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App