साइबर अपराध से 20 हजार जागरूक

By: Jul 29th, 2018 12:01 am

पुलिस ने प्रदेश में एक सप्ताह चलाया जागरूकता अभियान

शिमला— प्रदेश पुलिस साइबर अपराध के बारे में लोगों को जागरूक कर रही है। इसी मकसद पुलिस ने एक सप्ताह का विशेष अभियान पूरे प्रदेश में चलाया। इसके माध्यम से  करीब 20 हजार छात्रों को जागरूक किया गया। छात्रों के अलावा अन्य लोगों को भी साइबर अपराधियों से जाल से बचने की जानकारी दी गई। हिमाचल पुलिस ने साइबर अपराध के बारे में जागरूक करने के लिए  20 जुलाई से 26 जुलाई तक एक व्यापक अभियान चलाया। यह अभियान अधिकतर स्कूलों, कालेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में चलाया गया।  इनके अलावा कुछ सार्वजनिक जगहों पर भी लोगों को साइबर अपराध के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस की मानें तो छात्रों के माध्यम से ही लोगों को साइबर अपराध के बारे में जागरुक किया जा सकता है। इस पूरे अभियान की पुलिस ने रिपोर्ट तैयार की है। इसके अनुसार राज्य में 80 स्कूलों, कालेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों के करीब 20 हजार छात्रों को साइबर अपराध के बारे में इस अभियान के दौरान जागरूक किया गया। डीएसपी साइबर क्राईम नरवीर सिंह राठौर ने कहा है कि पुलिस द्वारा पूरे प्रदेश में सफलता पूर्वक जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत साइबर अपराधों के बारे में छात्रों और अन्य लोगों को जागरुक किया गया है। उन्होंने कहा कि जागरुकता से ही इन अपराधों से बचा सकता है।

आरबीआई अधिकारी करेंगे प्रशिक्षित

देश व प्रदेश में बढ़ते साइबर अपराध से निपटने के बारे में प्रशिक्षित करने के लिए आरबीआई द्वारा 8 अगस्त को शिमला में एक सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। इसमें पुलिस विभाग के करीब 200 जांच अधिकारियों और बैंक अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसमें बैंकों के उच्च अधिकारी और साइबर के एक्सपर्ट शामिल रहेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App