अटल जी के नाम पर बनेंगे संस्थान-पार्क

By: Aug 18th, 2018 12:07 am

शिमला— पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर हिमाचल सरकार नई योजनाएं आरंभ करेगी। इसके अलावा राज्य के अहम संस्थानों और पार्क का अटल नामकरण किया जाएगा। यह घोषणा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री की अंतिम यात्रा में हिस्सा लेने के बाद दिल्ली स्थित हिमाचल सदन में राज्य सरकार के अधिकारियों से चर्चा के दौरान कही। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य की आमजन से जुड़ी भावी योजनाओं की जल्द सूची तैयार की जाए। राज्य सरकार की भविष्य की योजनाओं में अटल जी का नाम शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शनिवार को हिमाचल लौट आएंगे। वह सुबह साढ़े नौ बजे सफदरजंग एयरपोर्ट से अनाडेल शिमला के लिए उड़ान भरेंगे। बताते चलें कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जयराम ठाकुर बेहद करीबी और चहेते रहे हैं। कुल्लू प्रवास के दौरान प्रीणी गांव में पूर्व प्रधानमंत्री अकसर ठाकुर परिवार के साथ मिलना पसंद करते थे। इसी भावनात्मक लगाव के चलते मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी की यादों को हिमाचल में अटल बनाना चाहते हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर गुरुवार सुबह अटल बिहारी वाजपेयी की तबीयत नासाज होने की सूचना मिलते ही दिल्ली रवाना हो गए थे। अपनी लैंडिंग के बाद वह सीधे वाजपेयी से मिलने एम्स पहुंचे थे। इसी दौरान उनके स्वास्थ्य को लेकर दिनभर अटकलों का दौर जारी रहा। सायं पांच बजकर पांच मिनट पर उनकी मौत की खबर से सन्नाटा पसर गया। इसके तुरंत बाद मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि अटल बिहारी वाजपेयी के ड्रीम प्रोजेक्ट रोहतांग टनल का नामकरण पूर्व प्रधानमंत्री के नाम से किया जाएगा। राज्य सरकार ने हिमाचल में दो दिन के सरकारी अवकाश की भी घोषणा की है।

कई बातों का भी हुआ ज़िक्र

शुक्रवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अटल बिहारी वाजपेयी के अंतिम दर्शनों के लिए सुबह 11 बजे भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में पहुंचे। केंद्रीय नेताओं के साथ पार्टी आफिस मौजूद रहे मुख्यमंत्री यहीं से पूर्व प्रधानमंत्री की शव यात्रा में शरीक हुए। करीब साढ़े छह बजे हिमाचल सदन पहुंचे मुख्यमंत्री ने राज्य के अधिकारियों के साथ औपचारिक बातचीत की। इस दौरान अटल बिहारी वाजपेयी से जुड़ी कई बातों का ज़िक्र हुआ। मुख्यमंत्री ने इसी दौरान अधिकारियों से कहा कि हिमाचल में अटल जी के नाम से कई भावी योजनाएं शुरू की जाएंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App