अमित शाह का दौरा टला

By: Aug 14th, 2018 12:02 am

शिमला— हिमाचल में बारिश से मची तबाही के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का प्रस्तावित दौरा टल गया है। अब अमित शाह 16 अगस्त को शिमला नहीं आएंगे। यहां उनके आगमन को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां जोरों पर चला रखी थीं, लेकिन बारिश से मचे हाहाकार को देखते हुए पार्टी ने उनके दौरे को फिलहाल टाल दिया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने बताया कि अमित शाह फिलहाल यहां नहीं आएंगे। उनके दौरे को लेकर यहां कई बैठकें हो चुकी थीं। खुद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इन तैयारियों की समीक्षा की थी। मुख्यमंत्री भी प्रदेश से बाहर थे, जो अमित शाह के महत्त्वपूर्ण दौरे को देखते हुए सोमवार को ही वापस शिमला लौट आए हैं। श्री सत्ती ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने हिमाचल प्रदेश में घटी दुःखद घटनाओं पर गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं और कहा कि सभी मंत्री, विधायक व अन्य पार्टी कार्यकर्ता राहत कार्यों में जुट जाएं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App