निगम की कार्रवाई निंदनीय

By: Aug 10th, 2018 12:02 am

पूर्व मंत्री ने कहा, आशियाने ढहाने वालों को सड़क पर लाएगी जनता

अंबाला— गुरुवार को अंबाला छावनी में हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री निर्मल सिंह सुभाष कॉलोनी में नगर निगम द्वारा की गई तोड़-फोड़ से हुए लोगों के निजी नुक्सान का जायजा लिया। निर्मल सिंह ने कहा कि नगर निगम को कार्यवाही करने से पहले लोगों को स्वयं ही अतिक्रमण हटाने के लिए समय देना चाहिए था, जिससे कि लोगो का कम नुकसान होता व सुभाष कॉलोनी के लोगों के लिए पहले ई-शौचालयों की व्यवस्था करनी चाहिए। निर्मल सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अदालती फैसले का हर तरह से सम्मान करती है मगर साथ ही अंबाला नगर निगम द्वारा अदालती कार्रवाई के नाम से जो दमनकारी तरीके से सुभाष कॉलोनी में जो कार्रवाई की गई है, उस कार्यवाही को करने के सरकारी उद्दंडता के निर्मम तरीके की कांग्रेस पार्टी आलोचना करती है। निर्मल सिंह ने कहा की अदालती आदेश सबसे ऊपर होते हैं परंतु अगर सरकार चाहती तो इस कार्रवाई को फिलहाल टाला जा सकता था परंतु सरकार में बैठे प्रतिनिधि ने सरकारी अधिकारियों से बात करना तो दूर एक बार आकर लोगो की सुध भी नहीं ली। अदालती आदेश की अनुपालना करते हुए नगर निगम के प्रशासनिक अधिकारियों को माननीय रूप और भावनाएं अपनानी चाहिए थी। सुभाष कालोनी में अस्थाई अतिक्रमण हटाने के दौरान जिन लोगों की मूलभूत सुविधाएं शौचालय इत्यादि तोड़े जाने थे उन्हें वह अतिक्रमण स्वयं हटाने देने के लिए कुछ समय की मोहलत देनी चाहिए थी। मगर जल्दबाजी और गलत तरीके से कार्रवाई कर प्रशासन द्वारा लोगों के न केवल मूलभूत अधिकारों का हनन किया गया बल्कि नगर निगम के अधिकारियों द्वारा अपनी निष्ठुरता का परिचय देते हुए उनके परिवार एवं जान माल की सुरक्षा को भी खतरे में डाल दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App