बल्ह को 80 करोड़ का नुकसान

By: Aug 17th, 2018 12:05 am

रिवालसर —लगातर बारिश से बल्ह घाटी में हुई भारी तबाही की चपेट में आई प्रभावित जनता तक राहत कार्य पहुंचाने में सरकार व जिला प्रशासन ने बेहतर तालमेल से अपना कार्य किया है। आपदा आने के बाद मात्र छह घंटों में ही जिला प्रशासन ने जनजीवन को सुचारू रूप करने में अहम भूमिका निभाई है। अपर बल्ह क्षेत्र के बटाहणी से लेकर हल्यातर तक कि दर्जनों पंचायतों में आपदा प्रबंधन कार्यों का जायजा लेने आए बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने रिवालसर में यह बात कही। उन्होंने बताया कि भारी वर्षा से आई बाढ़ व भू-स्खलन के कारण बल्ह घाटी में सरकारी व निजी क्षेत्र को करीब 80 करोड़ रुपए से भी ज्यादा के नुकसान का अनुमान है, जिसमें किसानों की फसलों के साथ पशुधन की बड़ी हानि हुई है व जान-माल का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग को भी बड़ा नुकसान झेलना पड़ा है। प्रभावित परिवारों को फौरी राहत के तौर पर प्रशासन की तरफ  से मौके पर राहत राशि प्रदान कर दी गई है।  बल्ह घाटी में आई आपदा से लोगों के हुए नुकसान का सरकार द्वारा राजस्व विभाग से सही आकलन कराकर उन्हें जल्द राहत प्रदान की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि रिवालसर उपतहसील में अब नायब तहसीलदार नियमित तौर पर अपनी सेवाएं प्रदान करेगा, ताकि क्षेत्र की जनता को किसी प्रकार की असुविधाओं का सामना न करना पड़े। उन्होंने बल्ह घाटी की सरला ठाकुर को जिला परिषद का अध्यक्ष पद दिलाने में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर का धन्यवाद किया है। इस मौके पर जिला मंडी भाजपा उपाध्यक्ष ढमेश्वर ठाकुर, नगर पंचायत पार्षद लीला वशिष्ट, मीना गुप्ता, यश पाल, सुरेंद्र, भाजपा नेता भूप सिंह,भीखम राम भी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App