बेरहम बारिश…चुवाड़ी की कई सड़कें ठप

By: Aug 14th, 2018 12:05 am

चुवाड़ी —भटियात उपमंडल में मूसलाधार बारिश के कारण सोमवार को जोत मुख्य मार्ग समेत कई संपर्क मार्गों पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। चंबा- चुवाड़ी- जोत मार्ग पर फेरा गांव के पास हुए भू-स्खलन के चलते बारह घंटे वाहनों के पहिए थमे रहे। चुवाड़ी- कैंथली संपर्क मार्ग पर तीस घंटे और चुवाड़ी- भराड़ी- डलहौजी मार्ग पर पिछले बारह घंटों से यातायात ठप पड़ा हुआ है। चुवाड़ी- कालीघार मार्ग पर भी भू-स्खलन के चलते आठ घंटे यातायात बाधित रहा। इन मार्गों के बंद होने से दर्जनों पंचायतों का संपर्क उपमंडल मुख्यालय से कट गया है। लोगों को जान हथेली पर लेकर पैदल आवाजाही को मजबूर होना पड़ रहा है। उपमंडल में सोमवार को बारिश के कारण जगह-जगह भू-स्खलन होने से सोमवार को परिवहन निगम के 45 रूट प्रभावित हुए है। बारिश के कारण मार्ग बंद होने से परिवहन निगम की तीन बसें भी बीच राह फंस कर रह गई हैं। बसें बंद होने से लोगों को पैदल सफर तय करना पड़ा। लोक निर्माण विभाग ने जोत मार्ग पर सोमवार दोपहर बाद यातायात बहाल कर दिया है, जबकि शेष मार्गों से मलबा व पत्थर हटाकर यातायात सुचारू करने का काम चला हुआ है। जानकारी के अनुसार सोमवार को चंबा-चुवाड़ी वाया जोत मार्ग पर फेरा गांव के पास हुए भू-स्खलन के चलते बारह घंटे मार्ग बंद रहा। इस दौरान मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गइर्ं। लोक निर्माण विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद मशीनरी के सहयोग से मलबा व पत्थर हटाकर दोपहर बाद यातायात बहाल कर दिया है। शेष बंद मार्गों पर यातायात बहाली के लिए काम चला हुआ है। उधर, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ कल्याण भट्ट ने बताया कि बारिश के कारण बंद मार्गों को खोला जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App