रोटा वायरस संक्रमण के लक्षण

By: Aug 11th, 2018 12:05 am

रोटा वायरस एक खतरनाक बीमारी है, क्योंकि बच्चों में इस बीमारी के कारण जल्दी-जल्दी दस्त होने लगते हैं, जिससे शरीर में पानी की कमी हो जाती है। शरीर से इलेक्ट्रोलेट्स निकल जाने के कारण शिशु को डिहाइड्रेशन हो जाता है…

रोटा वायरस बच्चों को होने वाली एक खतरनाक बीमारी है। यह एक ऐसा वायरस है, जिसकी वजह से आंतों का इन्फेक्शन यानी गैस्ट्रोएंटेराइटिस रोग हो जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक पांच साल से कम उम्र का हर बच्चा कम से कम एक बार इस वायरस का शिकार जरूर होता है। छह महीने से दो साल तक के बच्चों को इस रोग का खतरा सबसे ज्यादा होता है। बच्चों में होने वाले इस रोग की अगर सही जानकारी हो, तो लक्षणों को पहचानकर इसका सही समय पर इलाज शुरू किया जा सकता है और इससे होने वाले खतरों से बचा जा सकता है। आइए आपको बताते हैं रोटा वायरस संक्रमण के बारे में।

क्या है रोटा वायरस संक्रमण

रोटा वायरस एक खतरनाक संक्रामक रोग है, जो एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में तेजी से फैलता है। आमतौर पर रोटा वायरस का संक्रमण मल में मौजूद होता है और हाथों से बार-बार मुंह को छूने या दूषित पानी को पीने से फैलता है। संक्रमण के दौरान यह वायरस बच्चों को खिलौनों, बिस्तर और कपड़ों से भी फैल सकता है। संक्रमित व्यक्ति के खांसने और छींकने से भी यह वायरस फैल सकता है।

रोटा वायरस संक्रमण के लक्षण

रोटा वायरस इन्फेक्शन के लक्षण आमतौर पर वायरस के संपर्क में आने के 18 से 36 घंटे बाद नजर आते हैं। इस बीमारी में आमतौर पर निम्न लक्षण देखने को मिलते हैं।

बुखार मितली और उल्टी लगातार दस्त होना डिहाइड्रेशन की समस्या होना पेट में मरोड़ उठना खांसी आना नाक बहना

कितना खतरनाक है रोटा वायरस

रोटा वायरस एक खतरनाक बीमारी है, क्योंकि बच्चों में इस बीमारी के कारण जल्दी-जल्दी दस्त होने लगते हैं, जिससे शरीर में पानी की कमी हो जाती है। शरीर से इलेक्ट्रोलेट्स निकल जाने के कारण शिशु को डिहाइड्रेशन हो जाता है। ऐसी स्थिति में आमतौर पर डाक्टर ओआरएस का घोल देते हैं। डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए थोड़े बड़े बच्चों को नारियल पानी और दाल का पानी आदि भी दिया जा सकता है। कई बार यह बीमारी गंभीर हो जाती है, तो शिशु को अस्पताल में भर्ती करना पड़ता है। समय पर इलाज न होने पर डिहाइड्रेशन जानलेवा भी हो सकता है।

रोटा वायरस का इलाज

रोटा वायरस से बचाव के लिए बच्चों को टीका लगाया जाता है। टीका लगवाने से ज्यादातर बच्चों में डायरिया और रोटा वायरस का खतरा हाने की आशंका बहुत कम हो जाती है। रोटा वायरस के टीके देशभर के सभी सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध हैं और ये बच्चों को जन्म के बाद लगाए जाने वाले अनिवार्य टीकों में से एक हैं।

रोटा वायरस में सावधानियां

बच्चों को या किसी वयस्क को रोटा वायरस संक्रमण होने पर कुछ सावधानियां रखनी जरूरी हैं अन्यथा इसका वायरस घर में मौजूद अन्य सदस्यों को भी प्रभावित कर सकता है। शौचालय के बाद साबुन से हाथ धोना जरूरी है। रोगी के कपड़ों या बिस्तर को छूने के बाद साबुन से हाथ धोएं। खाना बनाने से पहले और खाना बनाने के बाद साबुन से हाथ धोएं। खाना खाने से पहले और खाना खाने के बाद साबुन से हाथ धोएं। शिशु को दूध पिलाने से पहल  हाथ धोएं। शिशु को संक्रमण होने पर उसकी नैपी बदलने के बाद भी साबुन से हाथ धोएं। बच्चों के कमरे को हमेशा साफ- सुथरा रखें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App